बड़ी ख़बर : उत्तराखंड में पुलिस विभाग में फरवरी के बाद होगी नई भर्ती

पुलिस विभाग में पदोन्नति और नई भर्ती को लेकर कवायद शुरू हो गई है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने कार्ययोजना तैयार कर फरवरी के बाद नई भर्ती शुरू करने के संकेत दिए हैं।


उत्तराखंड : पुलिस विभाग में पदोन्नति और नई भर्ती को लेकर कवायद शुरू हो गई है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने कार्ययोजना तैयार कर फरवरी के बाद नई भर्ती शुरू करने के संकेत दिए हैं। बुधवार को पदोन्नति और सीधी भर्ती परीक्षा की कार्ययोजना के संबंध में पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में बैठक आयोजित की गई। 

डीजीपी ने बताया कि बैठक में आपसी विचार-विमर्श के बाद नागरिक पुलिस, अभिसूचना, सशस्त्र पुलिस व पीएसी संवर्ग के कर्मियों की उप निरीक्षक रैंकर्स परीक्षा और प्रांतीय योग्यता परीक्षा (मुख्य आरक्षी) फरवरी के मध्य में आयोजित कराने पर सहमति बनी है। 

इसके पश्चात सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। बैठक में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक पुष्पक ज्योति, पुलिस उप महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे आदि उपस्थित रहे।

पीएसी के 75 हेड कांस्टेबल को मिलेगी पदोन्नति की सौगात

लंबे समय से पदोन्नति की आस लगाए पीएसी के 75 हेड कांस्टेबल को तोहफा मिलने जा रहा है। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि पीएसी के 75 हेड कांस्टेबल को प्लाटून कमांडर के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पदोन्नति के साथ रैंकर को लेकर भी निर्णय लिया जा रहा है। 

इसके लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के साथ बैठक भी की गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही राज्य में 600 सिपाही हेड कांस्टेबल बनाए जाएंगे। वहीं, सिविल पुलिस के 62 हेड कांस्टेबल सब इंस्पेक्टर बन सकेंगे।

Post a Comment

0 Comments