भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा की गैरसैंण पहाड़ के विकास की जीवन रेखा साबित होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा की गैरसैंण पहाड़ के विकास की जीवन रेखा साबित होगा। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस महासचिव हरीश रावत के पलायन के संबंध में दिए बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार पलायन आयोग का गठन किया गया तो इस पर अंकुश भी लगा। भगत ने कहा कि गैरसैंण के संपूर्ण विकास के उद्देश्य से आगामी 10 वर्षों के लिए 25 हजार करोड़ की योजना बनाई गई है और इससे सभी वर्ग के लोग लाभान्वित होंगे।
गैरसैंण के विकास के लिए सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। कर्णप्रयाग तक रेल लाइन का कार्य प्रगति पर है और इसे गैरसैंण तक पहुंचाने के लिए कर्णप्रयाग से बागेश्वर तक रेल लाइन का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही गौचर हवाई पट्टी को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से सवाल किया कि वह आज गैरसैंण व राजधानी के मुद्दे को लेकर इतने चिंतित दिख रहे हैं, लेकिन पहले यह बताएं कि जब उनके पास प्रदेश की कमान थी, तब उन्होंने क्यों नहीं गैरसैंण को राजधानी घोषित किया।

0 Comments