4 गढ़वाल राइफल में तैनात मद्महेश्वर घाटी के सीमा ग्राम पंचायत गौंडार निवासी 30 वर्षीय अरुण पंवार पुत्र शिवशरण पंवार का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग से बेहद दुखद खबर सामने आई है। 4 गढ़वाल राइफल में तैनात मद्महेश्वर घाटी के सीमा ग्राम पंचायत गौंडार निवासी 30 वर्षीय अरुण पंवार पुत्र शिवशरण पंवार का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। उनके निधन से मद्महेश्वर घाटी में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का बुरा हाल है। वे अपने पीछे माता-पिता, भाई, पत्नी व 2 वर्षीय बालिका को छोड़ गए है। रविवार को उनका अंतिम संस्कार मधु गंगा के किनारे पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ गमगीन माहौल में हुआ। 4 गढ़वाल राइफल में तैनात अरुण पंवार की ड्यूटी के दौरान तबीयत खराब हो गई थी। लंबे समय से उनका इलाज आरआर हॉस्पिटल दिल्ली में चल रहा था। शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन पर मद्महेश्वर घाटी में मातम पसरा हुआ है। निधन पर केदारनाथ विधायक मनोज रावत, पूर्व विधायक शैलारानी रावत, आशा नौटियाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चण्डी प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवाड़ी, भाजपा वरिष्ठ नेता संजय शर्मा दरमोड़ा, क्षेत्र पंचायत प्रमुख श्वेता पाण्डेय, कनिष्ठ प्रमुख शैलेन्द्र कोटवाल, जिला पंचायत सदस्य कालीमठ विनोद राणा, प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष रावत, शिव सिंह रावत सहित मदमहेश्वर घाटी के जनप्रतिनिधियों, परिजनों व ग्रामीणों ने शोक संवेदना व्यक्त की। उनके पार्थिव शरीर को वाहन के जरिये अकतोली लाया गया और अकतोली से मधु गंगा किनारे तक निकली शव यात्रा में सैंकड़ों नम आंखों ने उन्हें विदाई दी।
0 Comments