मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मंत्रिमंडल के सदस्यों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री रखे जा सकते हैं।
उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री के रूप में तीरथ सिंह रावत के शपथ लेने के साथ ही अब उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। संवैधानिक प्रविधानों के मुताबिक राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री रखे जा सकते हैं। माना जा रहा कि चुनावी साल होने के मद्देनजर तीरथ मंत्रिमंडल में सभी पद भरे जाएंगे। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से विमर्श के बाद वह जल्द ही अपनी टीम का एलान करेंगे। पिछली त्रिवेंद्र सरकार के कार्यकाल में तीन मंत्री पद रिक्त रखे गए थे। तब मंत्री पद की आस लगाए बैठे विधायकों में निराशा का भाव भी झलका था।
अब नेतृत्व परिवर्तन होने के साथ ही नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शपथ ग्रहण कर ली है तो मंत्रिमंडल के सदस्यों के नामों को लेकर चर्चा स्वाभाविक है। हालांकि, बुधवार को मुख्यमंत्री के रूप में तीरथ सिंह रावत का चयन होने के बाद चर्चा थी कि मुख्यमंत्री के अलावा तीन से पांच मंत्री शपथ लेंगे, लेकिन शपथ केवल मुख्यमंत्री ने ही ग्रहण की। माना जा रहा कि इस बार मंत्रिमंडल के सभी पद भरे जाएंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार मंत्री पदों के मामले में गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों के मध्य संतुलन भी साधा जाएगा। इसे लेकर फार्मूले पर मंथन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत इस संबंध में पार्टी के केंद्रीय नेताओं से विमर्श के बाद ही मंत्रिमंडल के सदस्यों का एलान करेंगे।
0 Comments