मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह कुंभ में बारे में गलत जानकारी बोल रहे हैं।
उत्तराखंड : मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह कुंभ में बारे में गलत जानकारी बोल रहे हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की जुबान एक बार फिर फिसल गई। इस बार वह कह गए कि कुंभ बनारस में भी होता है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद तीरथ सिंह रावत की जुबान कई बार फिसली है। ताजा मामले में उन्होंने हरिद्वार के एक कार्यक्रम में कहा कि हरिद्वार में कुंभ 12 साल में होता है, बार-बार नहीं होता। कुंभ बनारस में होता है, उज्जैन में होता है। इसलिए कुंभ को दिव्य और भव्य होना चाहिए। सबसे पहले मुख्यमंत्री तीरथ अपने उस बयान के लिए चर्चा में आए, जिसमें उन्होंने हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना भगवान राम से की थी।
उन्होंने कहा कि त्रेता व द्वापर युग में राम-कृष्ण हुए हैं। राम ने समाज के हित का काम किया तो उन्हें लोग भगवान मानने लगे। आने वाले समय में लोग नरेंद्र मोदी को भी उसी रूप में मानने लगेंगे। इसके बाद उनका सबसे विवादित बयान फटी जींस के फैशन को लेकर आया। इस बयान को लेकर युवा वर्ग, विशेषकर महिलाओं ने मुख्यमंत्री को खूब निशाने पर लिया। हालांकि, बाद में मुख्यमंत्री ने फटी जींस संबंधी बयान पर माफी मांग ली थी।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मंगलवार को चंडी द्वीप स्थित मीडिया सेंटर में महाकुंभ के 153 करोड़ 73 लाख रुपये लागत की 31 योजनाओं एवं कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलवार से महाकुंभ का विधिवत शुभारंभ हो गया। महाकुंभ का ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व है। मेला भव्य और दिव्य होगा, लेकिन कोविड से बचाव की एसओपी का पालन भी जरूरी है।

0 Comments