उत्तराखंड : आज मिले 2402 नए संक्रमित, आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाने के बाद ही ड्यूटी ज्वाइन करेंगे पुलिसकर्मी

हरिद्वार में कुंभ ड्यूटी से वापस लौटे पुलिस अधिकारी व कर्मचारी आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाने के बाद ही थानों व कार्यालयों में ड्यूटी ज्वाइन कर पाएंगे। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।


उत्तराखड : प्रदेश में कोरोना महामारी का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है। कोरोना संक्रमण को लेकर हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। आज शुक्रवार को पहली बार 24 घंटे के अंदर 2402 नए संक्रमित मरीज आए हैं। 

वहीं, सक्रिय मरीजों की संख्या 13 हजार पार हो गई है। आज प्रदेश में 17 मरीजों की मौत हुई, जबकि 1080 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। प्रदेश में अब तक कुल 1 लाख 18 हजार 646 संक्रमित मरीज आ चुके हैं, जिसमें से 100857 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, देहरादून में आज मरीजों की संख्या एक हजार पार पहुंच गई है। 

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को 30542 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि देहरादून जिले में सबसे अधिक 1051 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं, हरिद्वार जिले में 539, नैनीताल में 296, ऊधमसिंह नगर में 220, पौड़ी में 76, टिहरी में 39, रुद्रप्रयाग में 17,  पिथौरागढ़ में 2, उत्तरकाशी में 14, अल्मोड़ा में 48, चमोली में 29 , बागेश्वर में 19 और चंपावत में 52 संक्रमित मिले। वहीं, कंटेंमेंट जोन की संख्या 74 पहुंच गई है। 

एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने दिए निर्देश

जानकारी मुताबिक़, धर्म नगरी हरिद्वार में कुंभ ड्यूटी से वापस लौटे पुलिस अधिकारी व कर्मचारी आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाने के बाद ही थानों व कार्यालयों में ड्यूटी ज्वाइन कर पाएंगे। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। शनिवार से पुलिस लाइन में कैंप लगाकर सभी पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों के सैंपल लिए जाएंगे। 

कुंभ में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए एसएसपी ने यह निर्णय लिया है। इस संबंध में एसएसपी ने एसपी, सीओ व थानाध्यक्षों को पत्र भी भेजे हैं। जिले से 700 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों को कुंभ ड्यूटी पर भेजा गया था। पुलिस महानिदेशक के आदेश पर 50 फीसद फोर्स कुंभ ड्यूटी से अपनी मूल ड्यूटी पर लौटने लगी है। थानों व दफ्तरों में संक्रमण का खतरा न रहे इसलिए पहले ही पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के टेस्ट करवाए जा रहे हैं।

एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने दिए निर्देश 

एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने कुंभ ड्यूटी से वापस आने वाले सुरक्षा कर्मियों के लिए ‌कोरोना निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की है। कोरोना रिपोर्ट आने तक कर्मचारियों को आईसोलेशन में रहना होगा। हरिद्वार में चल रहे कुंभ में जिले से बड़ी संख्या में पुलिस व होमगार्ड के जवानों को ड्यूटी भेजा गया है। इधर अब प्रदेश में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। ‌


कुंभ मेला स्थल में भी कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। अब शाही स्नान के बाद कुंभ से सुरक्षा बलों को रिलीव करने का सिलसिला शुरू हो गया है। ऐसे में बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने कुंभ से आने वाले सुरक्षा बलों के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता कर दी है। कुंभ से आने वाले सुरक्षा कर्मियों को वापस आने के बाद सबसे पहले कोरोना टेस्ट कराना होगा। रिपोर्ट आने तक इन कर्मियों को आईसोलेशन में रहना पड़ेगा। साथ ही रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही सुरक्षा बल अपने कार्यस्थल में ड्यूटी ज्वाइन कर सकेंगे।

कुछ अधिकारी व कर्मचारी करवा चुके हैं टेस्ट

जिले से कुछ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी हरिद्वार तो कुछ की ऋषिकेश में लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी ऋषिकेश में लगी हुई थी, उनमें से कुछ ने तो अपनी कोरोना जांच करवा ली है। लेकिन अधिकतर अभी टेस्ट नहीं करवा पाए हैं। 

डॉ. योगेंद्र सिंह रावत (एसएसपी, देहरादून) ने कहा कि जिन पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी कुंभ में लगी थी। वह अनिवार्य रूप से आरटीपीसीआर रिपोर्ट लाने के बाद ही ड्यूटी ज्वाइन करेंगे। शनिवार से पुलिस लाइन में कोरोना जांच के लिए शिविर लगाया जा रहा है। जहां पर सभी के सैंपल लिए जाएंगे। 

Post a Comment

0 Comments