उत्तराखंड : बेटियों के लिए महालक्ष्मी सुरक्षा कवच को मंजूरी, जानिए

देवभूमि में बेटियों को तीरथ सरकार महालक्ष्मी सुरक्षा कवच प्रदान करने जा रही है। कैबिनेट की शुक्रवार को हुई बैठक में 'मुख्यमंत्री सौभाग्यवती किट' योजना को मंजूरी दी गई।



देवभूमि में बेटियों को तीरथ सरकार महालक्ष्मी सुरक्षा कवच प्रदान करने जा रही है। कैबिनेट की शुक्रवार को हुई बैठक में 'मुख्यमंत्री सौभाग्यवती किट' योजना को मंजूरी दी गई। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य के अनुसार किसी भी परिवार में बेटी के जन्म लेने पर बेटी और मां को यह किट प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित परिवार को मुख्यमंत्री और महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री की ओर से शुभकामना संदेश का कार्ड भी प्राप्त होगा।

पिछली त्रिवेंद्र सरकार के कार्यकाल में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य की पहल पर मुख्यमंत्री सौभाग्यवती किट योजना का खाका खींचा गया था। अब इस योजना का नाम बदलकर मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट कर दिया गया है। विभागीय मंत्री आर्य ने कहा कि बेटी का जन्म होने पर यही कहा जाता है कि घर में लक्ष्मी आई है। इसी के दृष्टिगत योजना का नाम बदलकर महालक्ष्मी किट किया गया है।विभागीय मंत्री आर्य ने बताया कि योजना के तहत बेटी के जन्म लेने पर माता और बेटी को दो किट दी जाएंगी। करीब साढ़े तीन हजार रुपये मूल्य की इस किट में माता के लिए बादाम, छुआरा, साड़ी, सूट, स्कार्फ, बेडशीट, हैंडवाश, साबुन, मौजे, नेलकटर आदि सामग्री दी जाएगी।

बेटी के लिए सूती कपड़े, तौलिया, कंबल, रबरशीट, तेल, साबुन आदि सामग्री दी जाएगी। परिवार में दो बेटियां को यह किट दी जाएंगी। किट के साथ टीकाकरण से संबंधित संदेश भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह योजना आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित की जाएगी। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में इसके लिए निश्शुल्क फार्म उपलब्ध होगा। आवेदन होने पर इसे वेब पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। योजना के जरिये लैंगिक अनुपात में सुधार के साथ ही मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना भी उद्देश्य है।

Post a Comment

0 Comments