उत्तराखंड : कैंपटी फॉल में एक बार में नहा पाएंगे केवल 50 पर्यटक, पढ़े पूरी जानकारी

टिहरी जिले के प्रमुख पर्यटक स्थल कैंपटीफॉल झरने में अब एक बार में 50 पर्यटक ही नहा पाएंगे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह व्यवस्था की है। साथ ही झरने में पर्यटक आधे घंटे ही रुक पाएंगे। हूटर बजते ही पर्यटकों को झरने से बाहर निकलना होगा। 


उत्तराखंड : टिहरी जिले के प्रमुख पर्यटक स्थल कैंपटीफॉल झरने में अब एक बार में 50 पर्यटक ही नहा पाएंगे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह व्यवस्था की है। साथ ही झरने में पर्यटक आधे घंटे ही रुक पाएंगे। हूटर बजते ही पर्यटकों को झरने से बाहर निकलना होगा। 

कोविड कर्फ्यू में छूट मिलने के बाद कैंपटीफॉल में सैर सपाटे के लिए प्रतिदिन सैकड़ों सैलानी पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन को शिकायत मिली है कि झरने में नहाने के दौरान पर्यटक कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है।

आधे घंटे ही झरने में रुक पाएंगे.. 

सोशल मीडिया पर भी झरने में सैकड़ों पर्यटकों के एक साथ नहाने की फोटो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है। डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेश में एसएसपी और एसडीएम धनोल्टी को कैंपटीफॉल आने वाले पर्यटकों की निगरानी करने के लिए चेक पोस्ट स्थापित करने को कहा गया है।

चेक पोस्ट पर कोविड नियमों के तहत पर्यटकों की चेकिंग की जाए। एक बार में 50 से अधिक पर्यटकों को झरने में जाने की अनुमति न दी जाए। साथ ही पर्यटक आधे घंटे तक ही झरने में रुक पाएंगे। इसके बाद अगले 50 पर्यटकों को मौका मिलेगा। सभी पर्यटकों के वापस लौटने के उपरांत हूटर बजाकर अन्य पर्यटकों को झरने में जाने की अनुमति दी जाए।

लोगों से की जा रही लगातार मास्क पहनने की अपील....

स्थानीय प्रशासन लगातार लोगों से सोशल डिस्टेंस और मास्क पहनने की अपील कर रहा है। कैंपटी फॉल, भट्टा फॉल और झड़ीपानी फॉल पहुंच रहे ज्यादातर सैलानी कोविड नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। कैंपटी थानाध्यक्ष नवीन चंद्र जुराल ने बताया कि कैंपटी फॉल में कोविड नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है। बताया कि जनवरी से अब तक 3668 लोगों का चालान कर जुर्माना वसूला गया है। इसमें 2085 चालान बिना मास्क और 1583 चालान सोशल डिस्टेंस के उल्लंघन में किए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments