हरिद्वार : नाले के अंदर बोरे में महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। रामनगर कॉलोनी क्षेत्र में महिला का शव बोरे में बंद करके नाले में डाला हुआ था।


हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। रामनगर कॉलोनी क्षेत्र में महिला का शव बोरे में बंद करके नाले में डाला हुआ था। लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अभी महिला की शिनाख्त नहीं हुई है। हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, महिला की उम्र 30 साल है। गले पर निशान भी हैं। ऐसे में गला घोंटकर हत्या करने की बात सामने आ रही है। क्योंकि शरीर पर धारदार हथियार के निशान अभी तक नहीं पाए गए हैं। पुलिस फिलहाल महिला की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। सिडकुल थाना प्रभारी लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे नाले में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने शव बरामद किया। महिला हुलिए से मिडिल क्लास फैमिली की लग रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं इस घटना में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

महिला की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। इसलिए पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और उसके फोटो जनपद हरिद्वार के सभी थाना कोतवाली के अलावा अन्य जिलों में भी भेजे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि महिला का ताल्लुक सिडकुल की किसी फैक्ट्री से हो सकता है। फैक्ट्रियों में अधिकांश श्रमिक दूसरे जिलों और राज्यों के निवासी हैं। पुलिस आसपास क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले श्रमिकों को भी महिला का फोटो दिखा कर शिनाख्त का प्रयास कर रही है।

Post a Comment

0 Comments