मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अन्नोत्सव प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को खाद्यान्न के किट वितरित किए। जनता दर्शन हाल सीएम आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छह लाभार्थियों को किट प्रदान किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अन्नोत्सव प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लाभार्थियों को खाद्यान्न के किट वितरित किए। जनता दर्शन हाल सीएम आवास में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने छह लाभार्थियों को किट वितरित किए। इसी तरह अन्नोत्सव कार्यक्रम में पूरे माह सभी 9230 राशन की दुकानों के माध्यम से मुफ्त खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। कुल 14 लाख राशन थैलों का वितरण होगा। कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न जिलों के चयनित लाभार्थियों से बात भी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, मोदी सरकार ने हमेशा गरीबों की चिंता की है। कोरोना काल में जब सारी आर्थिक गतिविधियां रुक गई थीं, प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में निशुल्क राशन सम्मान के साथ उपलब्ध करवाया। कोरोना संकट की घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार सबके साथ खड़ी रही। सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत साल 2020 में अन्त्योदय और प्राथमिक परिवारों के लाभार्थियों को माह अप्रैल से नवंबर तक कुल आठ माह तक प्रति यूनिट पांच किलो खाद्यान्न (गेहूं और चावल) के साथ ही एक किलो दाल प्रति कार्ड मुफ्त दी गई। वहीं, साल 2021 में अन्त्योदय और प्राथमिक परिवारों के लाभार्थियों को मई से नवंबर कुल सात माह तक प्रति यूनिट पांच किलो खाद्यान्न (गेहूं और चावल) निश्शुल्क वितरित कराया जा रहा है।
सीएम ने बताया, आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत प्रवासियों और अवरूद्ध प्रवासियों के लिए केंद्र सरकार ने पांच किलो चावल प्रति व्यक्ति और एक किलो चना प्रति परिवार मुफ्त वितरित किए। वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत राज्य में माह अगस्त, 2020 से राशनकार्ड पोर्टेबिलिटी लागू किया गया है, जिसके माध्यम से राज्य में अन्य राज्यों से आने वाले प्रवासी परिवारों को खाद्यान्न सुरक्षा उपलब्ध करायी जा रही है।
सभी को भोजन के साथ सम्मान देना उद्देश्य
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि अन्नोत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के सभी लाभार्थियों को भोजन के साथ ही सम्मान देना भी है। पहले चरण में राज्य मुख्यालय, जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय, ब्लाक मुख्यालय, नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों में राशन की दुकानों के माध्यम से मुफ्त खाद्यान्न वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। पूरे महीने सभी 9230 राशन की दुकानों के माध्यम से मुफ्त खाद्यान्न का वितरण होगा। हर दुकान पर नोडल अधिकारी देखरेख करेंगे।
0 Comments