गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा शुरू कर दी गई है। बदरीनाथ और केदारनाथ में अभी यात्रा रोकी गई है।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा शुरू कर दी गई है। बदरीनाथ और केदारनाथ में अभी यात्रा रोकी गई है। बारिश के चलते रविवार को सरकार ने चारों धामों की यात्रा रोक दी थी। मंगलवार सुबह बारिश का दौर खत्म होने के बाद जिला प्रशासन ने गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा खोल दी। बदरीनाथ व केदारनाथ में बारिश के आसार बने हुए हैं। यहां हाईवे भी कई स्थानों पर अवरुद्ध है। इसके चलते यात्रा फिलहाल स्थगित रखी गई है।
उत्तराखंड में 17 लोगों की मौत
उत्तराखंड में बीते 48 घंटे से हो रही बारिश ने कहर मचा दिया है। नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक के एक गांव में मकान जमींदोज होने से नौ लोगों के मौत की खबर है। ग्राम प्रधान ने इसकी पुष्टि की है। रास्ते में जगह-जगह मलबा आने के कारण मौके पर अभी प्रशासन या एसडीआरएफ की टीम नहीं पहुंची सकी है। वहीं रामनगर के एक रिसॉर्ट में पानी घुस गया है। बताया जा रहा है रिसॉर्ट के अंदर करीब सौ लोग फंसे हैं। भीमताल में मकान ढहने से एक बच्चा मलबे में दब गया है। अल्मोड़ा जिले में एक मकान पर पहाड़ी से मलबा आने के कारण तीन लोगों की दबकर मौत हो गई है। अल्मोड़ा नगर में भी मकान की दीवार गिरने से किशोरी की दबकर मौत हो गई। बागेश्वर जिले में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर खीनापानी क्षेत्र में मलबे में दबने से दो श्रमिकों की मौत हो गई है। फिलहाल 17 लोगों के मौत की खबर है। पहाड़ के दर्जनों मार्ग मलबा आने के कारण बंद हो गए हैं।
कार्बेट पार्क के सफारी रूट बहे
लगातार हो रही बारिश के कारण कार्बेट पार्क में जिप्सी सफारी के लिए बनाए गए कच्चे रूट के बह गए हैं। विभाग जंगल में निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त रूटों की जानकारी जुटाकर नुकसान का आकलन करेगा। ऐसे में अभी पर्यटन शुरू होने में समय भी लग सकता है। ऐसे में पर्यटन सीजन में कॉर्बेट को फिर नुकसान हो सकता है।
0 Comments