कोटद्वार : भारतीय जनता युवा मोर्चा ने फूंका बीईएल प्रबंधन का पुतला, युवा मोर्चा ने की ये मांग

कोटद्वार में भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड की स्थानीय इकाई में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता न देने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कंपनी प्रबंधन का पुतला दहन किया।


कोटद्वार में भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड की स्थानीय इकाई में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता न देने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कंपनी प्रबंधन का पुतला दहन किया। कहा कि बीईएल की ओर से अधिकांश पदों पर बाहरी राज्य के युवाओं को मौका दिया जा रहा है। बीईएल की इस कार्यप्रणाली से स्थानीय युवाओं में रोष व्याप्त है। युवा मोर्चा ने रक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजते हुए इस ओर ध्यान देने की मांग की है।

शनिवार को युवा मोर्चा कार्यकर्त्ताओं ने बीईएल परिसर के गेट पर पुतला दहन किया। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ नौडियाल ने कहा कि भारत इलेक्ट्रानिक लिमिटेड की ओर से प्रशिक्षुओं (अप्रेंटिस) के 53 पद निकाले गए थे, जिसके लिए सैकड़ों स्थानीय युवाओं ने भी फार्म भरे थे। बताया कि बीईएल की ओर से केवल चार पदों पर ही स्थानीय युवाओं को मौका दिया गया व अधिकांश पदों पर बाहरी राज्य के युवाओं को प्राथमिकता दी गई है। नियमानुसार, उत्तराखंड में किसी भी संस्थान व उद्योग में 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को मौका दिया जाना अनिवार्य है।

युवा मोर्चा ने उक्त भर्ती को निरस्त कर स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता प्रदान करने की मांग की है। कहा कि स्थानीय युवाओं की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो युवा मोर्चा स्थानीय युवाओं के साथ मिलकर आंदोलन करेगा। पुतला दहन करने वालों में भाजपा भाबर मंडल अध्यक्ष मनोज पांथरी, युवा मोर्चा जिला मंत्री मनीष आर्य, नगर मंडल अध्यक्ष अतुल डोबरियाल, आशीष रौतेला, मालती बिष्ट, आशा डबराल, दीपक लखेड़ा, रोहित चौहान आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments