उत्तराखंड : दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री सिसोदिया बोले - दिल्ली में प्रदूषण के लिए ये हैं जिम्मेदार

उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर देहरादून में व्यापारियों से संवाद करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब और हरियाणा जिम्मेदार हैं।


उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर देहरादून में व्यापारियों से संवाद करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब और हरियाणा जिम्मेदार हैं। दिल्ली में इंडस्ट्री नहीं चलती, 85 प्रतिशत सर्विस सेक्टर है। वाहनों का प्रदूषण इतना नहीं होता है, जितना इन दिनों हो गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा में जलने वाली पराली ही इस प्रदूषण का मुख्य कारक है। उन्होंने कहा कि इन दोनों राज्यों की सरकारों ने किसानों की सुध ही नहीं ली। आज पराली जलाने की वजह से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ गया है।

उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि केंद्र की एक रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि दिल्ली में 36 फीसदी प्रदूषण पराली के धुएं की वजह से है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब की सरकारों ने किसानों के साथ धोखा किया है और हरियाणा और पंजाब का किसान इस वक्त सबसे ज्यादा पीड़ित है। इन राज्यों की सरकारों ने किसानों के लिए पराली की उचित व्यवस्था नहीं की है, जिसकी वजह से आज पूरा उत्तर भारत इसका खामियाजा भुगत रहा है।

दिल्ली मॉडल को पहाड़ चढ़ाने में जुटी आप

उत्तराखंड के मैदानी जिलों में गतिविधियां तेज करने के बाद अब आम आदमी पार्टी दिल्ली मॉडल को उत्तराखंड के पहाड़ों तक चढ़ाने की कवायद में जुट गई है। इसके लिए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मंगलवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही अब आम आदमी पार्टी पहाड़ी जिलों में अपनी पकड़ बनाने और वोटरों को रिझाने की कोशिशों में जुट गई है। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बाद जल्द ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य तमाम बड़े नेता पर्वतीय जिलों का दौरा करेंगे।

Post a Comment

0 Comments