Fraud : फेसबुक फ्रेंड ने महिला से दोस्ती कर ठगे 16 लाख रुपये, सोच समझकर करें सोशल मीडिया पर दोस्ती

नैनीताल में लालकुआं कोतवाली पुलिस ने फेसबुक में दोस्ती कर लालकुआं की महिला से करीब 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अफ्रीका के नागरिक को पकडऩे में सफलता हासिल की है। 


नैनीताल में लालकुआं कोतवाली पुलिस ने फेसबुक में दोस्ती कर लालकुआं की महिला से करीब 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अफ्रीका के नागरिक को पकडऩे में सफलता हासिल की है। पुलिस ने विदेशी युवक पर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

गत माह राजीव नगर बंगाली कालोनी निवासी शीला चतुर्वेदी पत्नी दीपक कुमार ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कहा कि कुछ दिन पूर्व उसकी क्रिस ईडन नामक व्यक्ति से फेसबुक के जरिये दोस्ती हुई। सात अक्टूबर को उसके पास फोन आया। जिसने अपने आप को दिल्ली एयरपोर्ट का कर्मचारी बताते हुए लंदन से पार्सल आने की जानकारी दी। बताया कि पार्सल 45 लाख रुपये का है। इस कारण कस्टम विभाग ने उसे पकड़ लिया है। महिला को उसके फेसबुक मित्र ने उपहार भेजे जाने की जानकारी दी। फोन करने वाले ने उससे पार्सल छुड़ाने के एवज में 95 हजार रुपये भेजने को कहा।

महिला ने उसके बताए अकाउंट में पैसे भेज दिए। जिसके बाद दूसरे नंबर से फोन कर इनकम टैक्स की कार्यवाही के नाम पर डरा कर साढ़े चार लाख रुपये की डिमांड की गई। महिला ने जेवरात गिरवी रखकर फिर से पैसे भेज दिए। इसी प्रकार डरा धमकाकर विदेशी नागरिक ने महिला से करीब 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। इसके बाद भी आरोपित लगातार महिला को फोन कर पैसों डिमांड कर रहा था।

इधर, महिला ने आरोपित द्वारा भेजी गई रसीद की जांच की तो वह फर्जी पाई गई। जिसके बाद महिला ने क्रिस ईडन नामक व्यक्ति व एक अन्य अज्ञात महिला के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए कोतवाली पुलिस व एसओजी की टीम ने सर्विलांस के माध्यम से मूलरूप से वेस्ट अफ्रीका के आवोरियन निवासी करीम कोन पुत्र जेरीगोवे सोवन्डे को उसके हाल निवास चंदन बिहार, बाहरी नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से धोखाधड़ी में प्रयुक्त मोबाइल, लैपटाप, 10 सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड भी बरामद किए है।

गिरफ्तार हुआ विदेशी युवक वर्ष 2017 से भारत में रह रहा था। वह स्टडी वीजा लेकर भारत आया था। विदेशी नागरिक को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिह, हेड कांस्टेबल दीपक अरोरा, कांस्टेबल अनिल शर्मा आदि पुलिस कर्मी शामिल थे। कोतवाल ने बताया कि मामले में एक अज्ञात महिला की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा आरोपी के खातों को सीज करने के साथ जिन खातों में पैसा ट्रांसफर किया गया उनकी भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments