कोटद्वार में होने वाले तीन दिवसीय श्री सिद्धबली मंदिर महोत्सव के लिए यातायात पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है।
कोटद्वार में श्री सिद्धबली मंदिर में होने वाले तीन दिवसीय वार्षिक अनुष्ठान महोत्सव का आज से शुभारंभ हो गया है। तीन दिवसीय सिद्धबली महोत्सव पांच दिसंबर तक चलेगा। सिद्धबली महोत्सव में कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं तीन दिवसीय सिद्धबली महोत्सव के चलते श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो इसके लिए यातायात पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है।
यातायात निरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय मेले के दौरान झंडाचौक से मालवीय उद्यान तक सड़क के बीच में होने वाले पार्किंग प्लान को स्थगित कर दिया गया है। यूपी के जिला बिजनौर से ट्रैक्टर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बुद्धापार्क के समीप डिग्री काॅलेज मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भीड़ अधिक होने पर ट्रैक्टरों के लिए डिग्री काॅलेज परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। ट्रैक्टरों की वापसी का रूट घराट-बेलडाट चौराहा-देवी मंदिर होते हुए कौड़िया होगा।
छोटे चार पहिया वाहनों के लिए ग्रास्टनगंज स्थित दशहरा मेला मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दोपहिया वाहन और चार पहिया वाहनों की पार्किंग पुलिंडा मार्ग पर होगी। तिलवाढांग चौकी के समीप पार्किंग के लिए दो प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। झांकी के बुद्धा पार्क तक पहुंचने तक पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहनों को दुगड्डा बैरियर पर रोका जाएगा। साथ ही भारी वाहनों को मथुरा वेडिंग प्वाइंट से बेलाडाट की तरफ प्रतिबंधित किया जाएगा।
पुलिस ने की सहयोग की अपील
ऑटो स्टैंड को अस्थायी रूप से हटाया जाएगा। केवल चार ऑटो ही स्टैंड पर लगाने की अनुमति होगी। इसके अलावा 8 प्वाइंटों पर बैरिकेडिंग लगाए गए हैं। इन प्वाइंटों पर पुलिस फोर्स को तैनात किया जाएगा। मार्गों पर भीड़ अधिक होने की दशा में डायर्वजन रूट उसी वक्त निर्धारित किए जा सकेंगे। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
0 Comments