चम्पावत जिला मुख्यालय में जल्द ही मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए 320.40 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।
चम्पावत जिला मुख्यालय में जल्द ही मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए 320.40 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। कुल स्वीकृत राशि का 40 प्रतिशत यानि 128.16 लाख रुपया वर्तमान वित्तीय वर्ष में जारी भी कर दिया गया है। ग्रामीण निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था बनाया गया है।
मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण टैक्सी स्टैंड के समीप किया जाएगा। लंबे समय से यहां पार्किंग की मांग की जा रही थी। जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए एवं नगर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए इस मांग को मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल किया गया था। उत्तराखंड शासन के सचिव सुरेंद्र नारायण पांडेय की ओर से जारी शासनादेश के तहत मल्टी-स्टोरी पार्किंग के निर्माण के लिए तीन करोड़, बीस लाख, चालीस हजार रुपया स्वीकृत किया गया है। निर्माण कार्य जल्दी शुरू हो इसके लिए 128.16 लाख रुपया जारी भी कर दिया गया है।
नगर पालिका के ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने बताया कि शासन की ओर से कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग के खाते में धनराशि हस्तांतरित होते ही तिमंजिले भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा ने पार्किंग के लिए धनराशि अवमुक्त होने पर शासन का आभार जताया है। उन्होंने बताया कि मल्टी स्टोरी पार्किंग न होने से टैक्सी चालकों को अपने वाहनों को खड़ा करने में दिक्कत होती थी। बाजार में आड़े तिरछे वाहन खड़े होने से आए दिन लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। इधर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मल्टी-स्टोरी पार्किंग के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने पर विधायक कैलाश गहतोड़ी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। नगर अध्यक्ष कैलाश अधिकारी ने बताया कि इससे नगर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन आएगा।
0 Comments