पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में आकाशीय बिजली गिरने से एक घर को नुकसान पहुंचा है। घर में लगे उपकरण भी खाक हो गए। गनीमत रही कि इस दौरान काम के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर मौजूद थे।
देर रात से हो रही बारिश के कारण कोटद्वार तहसील के दुगड्डा ब्लाक के ग्राम कफल्डी में मनीष कंडारी के घर की छत पर सुबह साढ़े छह बजे आकाशीय बिजली गिर गई। इससे घर को काफी नुकसान पहुंचा है। आकाशीय बिजली गिरने के कारण छत पर छेद हो गया। वहीं, घर में लगे बिजली के उपकरण जलकर खाक हो गए।
बिजली के बोर्ड दीवारों से उखड़ कर जमीन पर गिर गए, तो घर में लगे बिजली के बल्ब चकना चूर होकर फर्श पर बिखर गए। गनीमत रही कि इस दौरान घर के सदस्य अपने काम काज में लगे हुए थे और घर से बाहर थे, जिस कारण एक बड़ी अनहोनी होने से टल गई।
0 Comments