उत्तराखंड : नशे में धुत पर्यटक ने 10 लोगों को रौंदा, कई वाहनों को मारी टक्कर

नैनीताल में दिल्ली के एक पर्यटक ने शराब के नशे में कई लोगों को रौंद दिया। साथ ही कई वाहनों को टक्कर मार दी।


नैनीताल में दिल्ली के एक पर्यटक ने शराब के नशे में कई लोगों को रौंद दिया। साथ ही कई वाहनों को टक्कर मार दी। कार की चपेट में आने से घायल हुए 10 लोगों को बीडी पांडे अस्पताल लाया गया, जिनमें से एक पर्यटक समेत दो लोगों को गंभीर हालत में डॉक्टरों हायर सेंटर रेफर कर दिया।

नैनीताल में हाईकोर्ट के पास सुबह 11 बजे दिल्ली के विनोद नगर निवासी अमित बहुगुणा ने अपनी कार से कई बाइकों को टक्कर मार दी और तेज कार को गति से भगाते हुए रॉयल होटल पहुंच गया। रॉयल होटल के पास पर्यटक ने 10 से अधिक लोगों को रौंद दिया। इसके बाद पर्यटक की कार दीवार से टकराकर रुक गई। इस दौरान घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर पहुंचे एसआई हरीश सिंह ने टीम के साथ कार चालक को पकड़ लिया। वहीं लोगों की मदद से 10 घायलों को बीडी पांडे अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक पर्यटक समेत दो लोगों को रेफर कर दिया। बताया गया कि स्कूली बच्चों को ओखलकांडा के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाना था और वह वाहन के इंतजार में खड़े थे। बच्चों को छोड़ने के लिए उनके परिजन भी मौजूद थे, जो कार की चपेट में आकर घायल हो गए।

एसपी ने मरीजों का हाल जाना

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने डॉक्टरों से मरीजों का हाल जाना। मरीजों को रेफर करने के बाद एसपी ने हायर सेंटर में डॉक्टरों से फोन पर बात करते हुए जल्द से जल्द इलाज देने की बात कही। साथ ही घायलों के परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान सीओ संदीप नेगी, कोतवाल धर्मवीर सोलंकी भी मौजूद थे।

हादसे में ये लोग हुए घायल

दुर्घटना में स्टाफ हाउस निवासी 32 वर्षीय प्रियंका देवी, हाईकोर्ट परिसर निवासी 37 वर्षीय लीला अधिकारी, सात नंबर निवासी 33 वर्षीय कमला फर्त्याल, नैनीताल क्लब निवासी 35 वर्षीय माया देवी, मुरादाबाद निवासी पर्यटक 60 वर्षीय सलमा, सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र 14 वर्षीय लक्की, अभिषेक, कमल, 21 वर्षीय यश और 12 वर्षीय विजय शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments