भगवान शिव का प्रिय महीना सावन आगामी 14 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। इस बार बीते सालों के मुकाबले काफी ज्यादा संख्या में कांवड़ियों के उत्तराखंड पहुंचने की उम्मीद है।
हरिद्वार : भगवान शिव का प्रिय महीना सावन आगामी 14 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। इस बार बीते सालों के मुकाबले काफी ज्यादा संख्या में कांवड़ियों के उत्तराखंड पहुंचने की उम्मीद है। इस देखते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को लेकर कमर कस ली है. लिहाजा, पुलिस के सामने भी कई चुनौतियां हैं। इसी कड़ी में कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पुलिस तंत्र की अलग-अलग इकाइयों को तैनात किया जा रहा है। जो कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार, ऋषिकेश, नीलकंठ, पौड़ी के कुछ क्षेत्रों में तैनात रहेंगे. वहीं, कांवड़ यात्रा को लेकर रूट प्लान भी तैयार किया गया है।
डीआईजी गढ़वाल करन सिंह नगन्याल (DIG Garhwal Karan Singh Nagnyal) के मुताबिक, कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पीएसी (PAC) और आईआरबी (IRB) की 20 कंपनियां, 2500 से ज्यादा पुलिसकर्मी, 500 सब इंस्पेक्टर और 100 इंस्पेक्टर समेत पुलिस तंत्र की अलग-अलग इकाइयों को तैनात किया जा रहा है। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर सभी जिलों के अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि जिन पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के ट्रांसफर हो चुके हैं, उनको अगले 3 दिनों में रिलीव किया जाए। ताकि कांवड़ यात्रा पर किसी तरह की फोर्स की कमी न आए।
कांवड़ में आने वाले यात्रियों का होगा सत्यापनः कांवड़ यात्रा के दौरान किसी तरह का हुड़दंग, अराजकता, धार्मिक उन्माद और शांति भंग न हो, इसको लेकर पुलिस ने यात्रियों के सत्यापन पर भी फोकस करने की योजना बनाई है। बकायदा इसके लिए उत्तराखंड पुलिस ने इंटर स्टेट बैठक कर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली समेत अन्य राज्यों की पुलिस से कांवड़ यात्रियों की सत्यापन को लेकर भी सामंजस्य बनाया है। यानी किसी भी राज्य से कांवड़ मेले में आने वाले यात्रियों को स्थानीय थाने से नाम दर्ज या सत्यापन कराकर आना होगा।
पैदल कांवड यात्रियों का यातायात प्लान
मेरठ, मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले पैदल कांवड यात्री हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर रोडीबेलवाला रैम्प से केशव आश्रम तिराहा से ओमपुल के सामने रेगुलेटर के ऊपर से होते हुए शंकराचार्य चौक से नहर पटरी से सिंहद्वार चौक से आर्यनगर चौक से ज्वालापुर लालपुल पार कर जटवाड़ा पुल से नहर पटरी होते हुए प्रस्थान करेंगे।
नजीबाबाद/मुरादाबाद की ओर जाने वाले पैदल कांवड यात्री हरकी पैड़ी से सीसीआर चौक से बाई ओर होते हुए दीनदयाल पार्किंग अंडर पास होते हुए आस्था पथ से आनन्द वन समाधी पार्किंग से चौकी रोडबलेवाला के सामने से सर्विस रोड होते हुए चंडी चौक से तिरछा पुल से पहले नहर पटरी मार्ग से रसियाबढ होते हुए भेजे जाएंगे। देहरादून/ऋषिकेश की ओर जाने वाले पैदल कांवड यात्री हरकी पैड़ी से भीमगौडा बैरियर से खड़खडी़ चौकी होते हुए सूखी नदी बैरियर से दूधाधारी तिराहे से हाइवे से अपने गन्तव्य को जाएंगे।

0 Comments