अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी अपनी बेटी के जाने के गम से उबर नहीं पा रही हैं। गुरुवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई। जांच में मानसिक तनाव के कारण बीपी फ्लक्चुएड की यह समस्या होनी प्रतीत हुई है।
उत्तराखंड : अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां पर उनकी हालत में सुधार है। अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि एक दिन और निगरानी में रखने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
अंकिता भंडारी की दर्दनाक हत्या के बाद उनके परिजनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। हर रोज घर में सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। वहीं परिजन इस हत्याकांड के बाद तनाव में हैं। गुरुवार को अंकिता की मां की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोपहर एक बजे के करीब अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उन्हें उपचार दिया जा रहा है।
जानकारी मुताबिक, बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा.रविंद्र बिष्ट ने बताया कि तनाव के कारण उनका ब्लड प्रेशर ऊपर-नीचे हो रहा था। उन्होंने कहा कि उपचार के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार है। सभी जरूरी जांचे कराई गई हैं। बीपी के अलावा अन्य कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने बताया कि मेडिसिन वार्ड में उन्हें डा. लीना की निगरानी में भर्ती कराया गया है। कहा एक दिन और निगरानी में रखने व स्वास्थ्य में और सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

0 Comments