निसणी गांव में मासूम को निवाला बनाने वाला गुलदार पिंजरे में कैद हो गया है। वन विभाग की टीम गुलदार को लेकर पौड़ी रेंज नागदेव कार्यालय पहुंची। जहां से गुलदार को रेस्क्यू सेंटर भेजा गया।
पौड़ी गढ़वाल: निसणी गांव में मासूम पर हमला कर उसे मौत का घाट उतारने वाले गुलदार को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया है। जिसके बाद वन विभाग की टीम गुलदार को लेकर पौड़ी रेंज नागदेव कार्यालय पहुंची। जहां से गुलदार को रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है।
गढ़वाल वन प्रभाग के पौड़ी रेंज के अंतर्गत पाबौ ब्लाक के निसणी गांव में बीते मंगलवार की शाम को गुलदार ने रविंद्र सिंह के 5 साल के बेटे पीयूष पर हमला किया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी. जिससे निसणी समेत आस पास के क्षेत्रों में ग्रामीण गुलदार की दहशत में थे। यहां तक लोग शाम होने से पहले ही अपने घरों में दुबक जा रह थे। घटना के बाद ही वन विभाग की टीम ने गांव के समीप ही दो पिंजरे लगाये। साथ ही क्षेत्र में 6 गश्ती टीमों को भी तैनात किया।
पौड़ी रेंज के रेंज अधिकारी ललित मोहन नेगी ने बताया निसणी गांव के पास लगाये गये पिंजरे में गुलदार कैद हो गया है। जिसे लेकर पौड़ी रेंज पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया गुलदार के कैद होते ही लोगों में उसे लेकर काफी आक्रोश था। वन विभाग की टीम ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर गुलदार को सही सलामत रेंज कार्यालय पहुंचाया।

0 Comments