उत्तराखंड: नशे में दूल्हे ने जमकर मचाया उत्पात, दुल्हन ने शादी से किया इनकार

हल्द्वानी में दूल्हे ने अपने ही बारात में जमकर शराब पीकर उत्पात मचाया। यही नहीं आरोप है कि दूल्हे ने पांच लाख रुपए नगद और कार की डिमांड के साथ-साथ अपने दोस्तों की पार्टी के लिए पैसा मांगा। काफी हंगामे के बाद दूल्हा मंडप छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिस कारण शादी नहीं हो पाई।


उत्तराखंड: हल्द्वानी शहर के मुखानी थाना क्षेत्र में आई बरात चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां दूल्हा अपने ही बारात में जमकर शराब पीकर उत्पात मचाया। यही नहीं आरोप है कि दूल्हे ने पांच लाख रुपए नगद और कार की डिमांड के साथ-साथ अपने दोस्तों की पार्टी के लिए पैसा मांगा। काफी हंगामे के बाद दूल्हा मंडप छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिसके बाद दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया।

बीते दिन बिठौरिया क्षेत्र निवासी एक युवक की शहर की ही एक युवती के साथ शादी तय हुई थी। रात को गाजे-बाजे के साथ बारात गैस गोदाम स्थित एक बारात घर पहुंची। दुल्हन पक्ष की ओर से बारात का स्वागत किया गया। आरोप है कि जयमाला की रस्म के दौरान नशे में धुत्त दूल्हा अपना आपा खो बैठा, दूल्हे और उसके दोस्तों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

जानकारी मुताबिक, शराब के नशे में होने के बाद भी दुल्हन पक्ष ने सब कुछ सहकर जयमाला की रस्म पूरी कराई, लेकिन दूल्हा इसके बाद अपने दोस्तों के साथ बारात छोड़ शराब पीने चला गया। वापस लौटने पर दूल्हा, उसका जीजा और दोस्तों ने खाने को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि खाना खराब बताकर दोस्तों की पार्टी के लिए पैसे की डिमांड की गई। साथ ही पांच लाख रुपये और कार देने के बाद ही शादी करने की शर्त रख दी। विरोध करने पर दूल्हे ने जान से मारने की धमकी दी।

हंगामे की सूचना दुल्हन पक्ष ने पुलिस को 112 नंबर पर दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया, जहां दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। मुखानी थाना प्रभारी राकेश बोहरा का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं आई है तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments