टिहरी गढ़वाल जिले से एक दुःखद ख़बर सामने आ रही है, जहां बारात के एक कार के सड़क पर पलट जाने से दूल्हे के 13 वर्षीय भांजे की मौके पर ही मौत हो गई।
उत्तराखंड: टिहरी गढ़वाल जिले से एक दुःखद ख़बर सामने आ रही है, जहां बारात के एक कार के सड़क पर पलट जाने से दूल्हे के 13 वर्षीय भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर से जहां मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है वहीं शादी की सारी खुशियां भी मातम में तब्दील हो गई है। मृतक की उम्र महज 13 वर्ष बताई जा रही है। बताया गया है कि वह बरात में शामिल होने के लिए दिल्ली से आया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से टिहरी गढ़वाल जिले के बरवालगांव गांव निवासी विरेन्द्र चौहान, कमांद क्षेत्र के नेरी गांव निवासी रमेश की शादी में शामिल होने दिल्ली से अपने परिवार को लेकर आए थे। बताया गया है कि बारात बैलगांव जा रही थी। दुल्हन के घर पहुंचने से दो किलोमीटर पहले ही बारात में शामिल एक कार जैसे ही सांकरी के पास नेशनल हाईवे पर पहुंची तो एकाएक अनियंत्रित होकर सड़क में ही पलट गई।
जिससे उसमें सवार दूल्हे के भांजे वैभव पुत्र विरेंद्र सिंह चौहान निवासी ग्राम बरवालगांव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार मृतक बच्चे की मां ममता पत्नी विरेंद्र चौहान निवासी ग्राम बरवालगांव, रुकमा पत्नी हरफूल निवासी ग्राम बमराड़ी, सौणी पत्नी किशन सिंह निवासी ग्राम ढसाण, छोटी पत्नी चतर सिंह निवासी ग्राम कैच्छू कमांद और कार चालक पूर्ण सिंह निवासी उप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमांद में भर्ती कराया गया है।

0 Comments