देहरादून में ट्यूशन से घर जा रही 9वीं की छात्रा को गोली मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार शाम सात बजे की है। छात्रा ने बताया कि नकाबपोश स्कूटी पर सवार थे।
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र कारगी चौक पर अज्ञात नकाबपोशों ने एक छात्रा को गोली मारने का प्रयास किया। छात्रा ने हौसला दिखाते हुए आरोपितों का डटकर सामना किया। इस बीच आरोपितों ने फायर झोंक दिया तो कुछ छर्रे छात्रा गले व पांव पर लगे। शोर मचने पर आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी मुताबिक, छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी 9 कक्षा में पढ़ती है। सुबह वह स्कूल और शाम को ट्यूशन जाती है। शाम सात बजे वह ट्यूशन से घर आ रही थी। कारगी चौक के पास शिवालिक एन्क्लेव लेन नंबर-2 के बाहर स्कूटी पर सवार दो नकाबपोशों ने उसे रोका और जेब से तमंचा निकाला। बेटी ने बहादुरी दिखाते हुए उनसे तमंचा छीनने की कोशिश की। इस दौरान आरोपित ने फायर कर दिया। इसके कुछ छर्रे बेटी के गले व पांव पर लगे।
जानकारी अनुसार, कोतवाली पटेल नगर प्रभारी सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। साथ ही घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात दो युवकों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर तलाश तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तारी कर लिया जाएगा।

0 Comments