ढाबा के कर्मचारी ढाबे के पीछे ही अपने कमरे में सो रहे थे। पास में कुछ गैस सिलिंडर भी रखे हुए थे। इसी बीच गैस सिलिंडर लीक हो गया। ढाबा कर्मियों में से किसी ने बीड़ी जलाई और एक सिलिंडर ने आग पकड़ ली। सिलिंडर फटते ही यहां अफरा-तफरी मच गई।
हरिद्वार: कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में बीती रात एक ढाबे के पीछे कमरे में गैस सिलिंडर लीक होने के बाद आग लगने से सिलिंडर फट गया। सिलिंडर फ़टने से अफरा - तफरी मच गई। इस घटना में कमरे में सो रहे चार कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भिजवाया। जहां घायलों का उपचार चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के गैस प्लांट चौकी में बैरियर नंबर 6 के पास स्थित प्रमिला गेस्ट हाउस गढ़वाली ढाबे के कर्मचारी रोज की तरह रात में काम पूरा कर ढाबे के पीछे कमरे में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि रात में अचानक किसी कर्मचारी ने शायद बीड़ी या सिगरेट पी, जिससे कमरे में रखे गैस सिलेंडर से लीक हो रही गैस ने आग पकड़ ली और सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। इस दुर्घटना में चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों ने तत्काल गैस प्लांट चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी।
जिसके बाद 108 को भी मौके पर बुलाया गया और पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है, जहां सभी का उपचार किया जा रहा है। गैस प्लांट चौकी इंचार्ज अरविंद रतूड़ी ने बताया कि रात्रि 12:45 बजे गैस प्लांट चौकी से आगे बैरियर नंबर 6 के पास, निकट प्रमिला गेस्ट हाउस, गढ़वाली ढाबा के कर्मचारी ढाबे के पीछे कमरे में सो रहे थे। जिसमें कुछ सिलेंडर भी रखे थे, जिनमें से एक सिलेंडर फट गया, जिससे 4 लोग घायल हो गए।घायलों में सौरभ पुत्र विनोद उम्र 30 वर्ष, गौरव पुत्र विनोद उम्र 30 वर्ष निवासीगण कालागढ़ जनपद पौड़ी गढ़वाल, दिनेश पुत्र भगवान निवासी लखीमपुर खीरी उम्र 32 वर्ष और मोनू पुत्र मोहन निवासी कालागढ़ उम्र 21 वर्ष है. सभी का उपचार चल रहा है।

0 Comments