रिखणीखाल ब्लॉक के मसमोली गांव में एक दुकानदार ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। बताया जा रहा है कि दुकानदार कई दिनों से डिप्रेशन से पीड़ित था।
कोटद्वार: पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल ब्लॉक से एक सनसनी खबर सामने आई है। रिखणीखाल ब्लॉक के मसमोली गांव में एक दुकानदार ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। बताया जा रहा है कि दुकानदार कई दिनों से डिप्रेशन से पीड़ित था। रिखणीखाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रिखणीखाल थाना प्रभारी अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि परिजनों के अनुसार मनवर सिंह रावत (54) पुत्र स्व. आनंद सिंह की मसमोली गांव में दुकान है। उसका एक बेटा एयर फोर्स में कार्यरत है और दूसरा एमएससी पास है। एक बेटी की शादी हो चुकी है जबकि एक बेटी देहरादून में पढ़ाई कर रही है। मनवर सिंह कई वर्षों से ब्लड प्रेशर की दवाई ले रहा था और काफी दिनों से डिप्रेशन में था।
बीते बृहस्पतिवार सुबह करीब 5:45 बजे गांव के लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। ग्रामीण और परिजन उसके कमरे में गए तो वह लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला। आनन फानन में गांव के लोग उसे लेकर राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की बंदूक का लाइसेंस उसके स्वयं के नाम पर है। उसने अपनी नाभि के पास गोली मारकर आत्महत्या की है। शव के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

0 Comments