उत्तराखंड : धामी सरकार कैबिनेट की बैठक शुरू, आगामी वित्तीय वर्ष के बजट पर लग सकती है मुहर

सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक शुरू हो गई है. कैबिनेट की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है. 


उत्तराखंड : सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक शुरू हो गई है. कैबिनेट की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है. क्योंकि, 26 फरवरी से विधानसभा बजट सत्र आहूत हो रहा है. जिसकी अधिसूचना भी जारी हो चुकी है. ऐसे में मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट पर मुहर लगने की संभावना है.

दरअसल, आगामी वित्तीय वर्ष के लिए राज्य सरकार ने समग्र विकास के तहत बजट का प्रारूप तैयार किया है. लिहाजा, आज सचिवालय के विश्वकर्मा भवन के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में मंत्रिमंडल की बैठक हो रही है. जिसमें विधानसभा बजट सत्र के दौरान सदन के पटल पर टेबल होने वाले तमाम विभागों के सालाना रिपोर्ट पर भी मुहर लग सकती है.

कैबिनेट बैठक में कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर: 

कैबिनेट की बैठक में तमाम विभागों की संशोधित नियमावलियों पर मुहर लगने के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, दुग्ध विभाग, खेल विभाग समेत अन्य विभागों से संबंधित अहम प्रस्तावों पर भी मुहर लग सकती है. धामी कैबिनेट की बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है.

आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए करीब 90 हजार करोड़ रुपए के बजट को भी मंजूरी मिल सकती है. इसके अलावा कर्मचारियों और बेसिक शिक्षा नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव, यूजीवीएनएल का ढांचा प्रस्ताव, स्वास्थ्य विभाग के तहत राजकीय अस्पतालों में समान पंजीकरण शुल्क, एकल महिलाओं को सब्सिडी पर लोन देने समेत अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है.

वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट पर हो सकती है चर्चा: 

धामी मंत्रिमंडल में आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट पर विस्तृत रूप से चर्चा किया जा सकता है. दरअसल, 26 फरवरी से होने वाला बजट सत्र आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी काफी अहम माना जा रहा है. क्योंकि, राज्य सरकार लोकसभा चुनाव को देखते हुए लोक लुभावना बजट पेश कर सकती है.

ऐसे में राज्य सरकार, इस बजट में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पर्यटन, उद्यान, आयुष अवस्थापना विकास, सेवा उद्योग, न्यू टाउनशिप और तीर्थाटन के साथ ही तमाम महत्वकांक्षी योजनाओं को भी शामिल किया गया है. वहीं, आज होने जा रही कैबिनेट बैठक कई मायनों में खास होने वाली है.

Post a Comment

0 Comments