बचपन से ही सेना में जाकर देश सेवा करने का सपना देख रहीं नैनसी थपलियाल लगन व कड़ी मेहनत के बूते भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गईं। बेटी की इस उपलब्धि पर पूरे गांव में जश्न का माहौल है।
पाबौ ब्लाॅक के खातस्यूं पट्टी के श्रीकोट गांव निवासी नैनसी थपलियाल ने संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सीडीएस (कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज) परीक्षा पास की। नैनसी ने 2022 बैच में 6वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त की। उन्होंने हाईस्कूल सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई बीआरएमएस से पूरी की की। इसके बाद नैनसी ने दून विवि देहरादून से स्नातक (फिजिक्स ऑनर्स) कर सीडीएस की तैयारी की।
उनके पिता अशोक कुमार थपलियाल ग्रामीण निर्माण विभाग से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हैं। अशोक कुमार बताते हैं कि नैनसी का शुरू से ही भारतीय सेना में भविष्य बनाने का सपना था। इसके लिए उसने स्कूली दिनों से ही कड़ी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई की। नैनसी की माता सरिता थपलियाल सहायक अध्यापिका हैं। उन्होंने बताया कि एक साल के प्रशिक्षण के बाद चेन्नई में नैनसी की पासिंग आउट परेड हुई जिसके बाद उसे लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति मिल गई।

0 Comments