Lok Sabha Election 2024 : कई और कांग्रेसी विधायक ज्वाइन कर सकते हैं बीजेपी, क्या हरक सिंह की भी हो सकती है घर वापसी

जैसे-जैसे उत्तराखंड में चुनाव की तरीख नजदीक आ रही है, भारतीय जनता पार्टी अपने कुनबे को बढ़ाने में लगी हुई है। उत्तराखंड बीजेपी दूसरे दलों के 15 हजार से अधिक लोगों को पार्टी में शामिल कर चुकी है। अभी भी विपक्षी दलों के नेताओं का बीजेपी ज्वाइन करने का सिलसिला जारी है। 


उत्तराखंड : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कह चुके हैं कि अब भाजपा में जो भी लोग शामिल होंगे, उनकी स्क्रीनिंग की जाएगी। लेकिन कांग्रेस छोड़ भाजपा में लोगों का लगातार आना अभी भी जारी है। बताया जा रहा कि निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव के मुद्देनजर कई लोग अपनी भाजपा में पकड़ और टिकट के लिए कांग्रेस छोड़ भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है कि कांग्रेस छोड़कर जो भी लोग आ रहे हैं, वह बीजेपी की पद्धति को समझ जाएं कि भारतीय जनता पार्टी जीतने वाले को ही टिकट देती है और भारतीय जनता पार्टी एक संगठित पार्टी है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करने आ रहे हैं। बहुत से लोगों की सूची आ चुकी है। लेकिन स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा मिलने के बाद ही पार्टी में लोगों को ज्वाइन कराया जा रहा है। उन्होंने हरक सिंह रावत की बीजेपी में वापसी पर बोलते हुए कहा कि हरक सिंह रावत का निष्कासन केंद्रीय नेतृत्व ने किया है। उनकी भाजपा में वापसी का निर्णय केंद्रीय नेतृत्व को लेना है। लेकिन उत्तराखंड बीजेपी में उनकी वापसी की कोई चर्चा नहीं है।

कई विधायकों के भाजपा में शामिल होने की चर्चा पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कहा कि कई विधायक भाजपा में आ चुके हैं और आगे भी कई विधायक भाजपा में शामिल होने आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों और कामों से प्रभावित होकर लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस के प्रतिनिधियों पर लोगों का भी दबाव है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को देखते हुए वह भाजपा ज्वॉइन करें। इसी का नतीजा है कि आज उत्तराखंड में दूसरे दलों के 15 हजार से अधिक लोग भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

Post a Comment

0 Comments