उत्तराखंड: नव्या पांडे ने जु-जित्सू में रचा इतिहास, एशियन चैंपियनशिप में झटका गोल्ड, CM ने दी बधाई

जु-जित्सू में भारत को गौरवान्वित करने वाली नव्या पांडे ने एशियाई चैंपियनशिप में इतिहास रच दिया है। नव्या ने जॉर्डन की राजधानी अम्मान में चल रही नौवीं एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप में 45 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।



देवभूमि उत्तराखण्ड की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। बेटियां क्रिकेट, बैडमिंटन, मार्शल आर्ट, वालीबॉल, फेनसिंग चैंपियनशिप, फुटबॉल, बॉक्सिंग, निशानेबाजी, स्प्रिंट चैंपियनशिप समेत एथलेटिक्स जैसे विशेष खेलों में अपनी जगह बनाकर पूरे प्रदेश का मान बढ़ा रही हैं जो अन्य बेटियों के लिए बेहद प्रेरणादायक है। वहीं, अब खबर है कि जु-जित्सू में भारत को गौरवान्वित करने वाली नव्या पांडे ने एशियाई चैंपियनशिप में इतिहास रच दिया है। नव्या ने जॉर्डन की राजधानी अम्मान में चल रही नौवीं एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप में 45 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।

आपको बता दें, हल्द्वानी की रहने वाली नव्या पहली भारतीय महिला खिलाड़ी है जिन्होंने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में नव्या ने कजाकिस्तान की सागदिलदा ऐजी को शानदार प्रदर्शन के साथ हराया। जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और कोच विनय जोशी के अनुसार, सीनियर अंडर-21 श्रेणी के पहले ही दिन भारतीय दल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और पांच कांस्य पदक हासिल किए।

नव्या पांडे की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें फोन कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. मुख्यमंत्री ने नव्या से शीघ्र ही मुलाकात करने की भी बात कही. नव्या पांडे ने इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार द्वारा दी गई नौकरी के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया. बता दें कि पिछले वर्ष नव्या पांडे को खेल कोटे के तहत उत्तराखंड सरकार ने वन विभाग में नौकरी दी थी. नव्या का प्रदर्शन राज्य के अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगा. वहीं सरकार द्वारा उठाया गया कदम अब अच्छे नतीजे भी देने लगे हैं, जो युवाओं में खेलों के प्रति सकारामत्क ऊर्जा का संचार कर रहा है.

प्रतियोगिता के पहले दिन अन्य पदक विजेताओं में पॉलीशीट के वैभव सिंह पडियार ने 62 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं, उत्तर प्रदेश की ऋचा शर्मा, ओडिशा की अनुपमा स्वैन, हरियाणा की सूचिका तड़ियाल और टीपू ने भी कांस्य पदक अपने नाम किए।

मीडिया एंड पब्लिसिटी कमीशन के चेयरमैन ऋषिपाल भारती ने बताया कि नव्या की इस जीत के साथ आयोजन स्थल पर भारत का राष्ट्रगान गूंजा और उन्हें स्वर्ण पदक के साथ सम्मानित किया गया।

Post a Comment

0 Comments