उत्तराखण्ड को नया राज्यपाल मिल गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ढाल सिंह बिसेन को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किया है।
उत्तराखण्ड को नया राज्यपाल मिल गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ढाल सिंह बिसेन को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। इससे पहले लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
किसान परिवार से राजनीति तक का सफर
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। पेशे से आयुर्वेद और होम्योपैथी चिकित्सक रहे बिसेन ने वर्ष 1990 में पहली बार विधायक बनकर राजनीति में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने 1993, 1998 और 2003 में भी विधानसभा चुनाव जीते। वह 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। इसके अलावा, 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष और 2019 में बालाघाट से सांसद बने।
CM धामी ने दी बधाई
डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखण्ड के नए राज्यपाल के पद पर नियुक्ति मिलने पर सीएम धामी ने उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ ढाल सिंह बिसेन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा सार्वजनिक जीवन में उनका उल्लेखनीय योगदान प्रेरणादायी है। मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में उन्होंने जनहित और समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन के अनुभव एवं मार्गदर्शन से उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य की विकास यात्रा को और गति प्राप्त होगी।
आदरणीय डॉ. ढाल सिंह बिसेन जी को देवभूमि उत्तराखण्ड के राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में आपका दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण एवं सार्वजनिक जीवन में योगदान उल्लेखनीय रहा है। माँ गंगा एवं बाबा केदार से आपके सफल, यशस्वी एवं मंगलमय कार्यकाल की कामना करता हूँ।
गुरमीत सिंह के नाम दर्ज हुआ लंबा कार्यकाल
गुरमीत सिंह ने सितंबर 2021 में उत्तराखण्ड के आठवें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने जुलाई 2026 में सुदर्शन अग्रवाल के 1,755 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़कर राज्य में सबसे लंबे समय तक राज्यपाल रहने का रिकॉर्ड बनाया था।
उत्तराखण्ड में अब तक रहे राज्यपाल
सुरजीत सिंह बरनाला- 09 नवंबर 2000- 07 जनवरी 2003
सुदर्शन अग्रवाल- 08 जनवरी 2003- 28 अक्तूबर 2007
बनवारी लाल जोशी- 29 अक्तूबर 2007- 05 अगस्त 2009
मार्गरेट अल्वा- 06 अगस्त 2009 - 14 मई 2012
अज़ीज़ कुरैशी- 15 मई 2012 - 08 जनवरी 2015
कृष्ण कांत पॉल- 08 जनवरी 2015- 25 अगस्त 2018
बेबी रानी मौर्य- 26 अगस्त 2018- 08 सितंबर 2021
लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह 15 सितंबर 2021 – अक्टूबर 2026

0 Comments