ऊधम सिंह नगर के छतरपुर में एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार सिडकुल के कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि उसके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
उत्तराखंड : जनपद ऊधम सिंह नगर से एक बड़ी दुःखद ख़बर सामने आई है। ऊधम सिंह नगर के छतरपुर में एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार सिडकुल के कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि उसके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया, साथ ही शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के स्वजनों का रो रोकर बुरा है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी मुताबिक़, मूलरूप से जेती, अल्मोड़ा निवासी प्रकाश नेगी (26) पुत्र खुशाल सिंह सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। वह पत्नी पूजा के साथ शैल भवन गंगापुर रोड पर रहता था। रविवार रात वह अपने चार दोस्तों दमड़ी, लमगड़ा, अल्मोड़ा निवासी हरीश कुमार, संतोष नेगी, राकेश नेगी और कृष्णा नेगी के साथ कार से छतरपुर में रहने वाले रिश्तेदार के घर जा रहा थे।
इसी बीच छतरपुर में कार यूके 06 पीए 6075 अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे कार सवार पांचों युवक घायल हो गए। सूचना पर सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्रकाश नेगी को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल हरीश कुमार, संतोष नेगी, राकेश नेगी और कृष्णा नेगी को हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद मृतक की पत्नी पूजा का बुरा हाल है।

0 Comments