दुगड्डा के पास गोदी बड़ी गांव से बीते शनिवार देर शाम गुलदार घर के आंगन में खेल रही एक चार साल मासूम बच्ची को गुलदार परिजनों के सामने से उठाकर ले गया।
पौड़ी गढ़वाल : शहर कोटद्वार में दुगड्डा के पास गोदी बड़ी गांव से बीते शनिवार देर शाम गुलदार घर के आंगन में खेल रही एक चार साल मासूम बच्ची को गुलदार परिजनों के सामने से उठाकर ले गया। घटना से चीख पुकार मच गई। परिजन गुलदार के पीछे झाड़ियों में दौड़ पड़े। शोरगुल होता देख गुलदार बच्ची को झाड़ियों में छोड़कर भाग गया। परिजन बुरी तरह जख्मी बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी मुताबिक़, दुगड्डा पुलिस चौकी के पीछे स्थित ग्राम गोदी बड़ी निवासी चंद्रमोहन की चार साल की बच्ची आकांक्षा उर्फ माही परिजनों के साथ घर के आंगन में खेल रही थी। तभी घात लगाए गुलदार बच्ची को परिजनों के सामने से झपटकर झाड़ियों में ले भागा। घटना से स्तब्ध परिजनों ने शोर मचाया और जान की परवाह किए बिना बच्ची को बचाने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
गुलदार बच्ची को झाड़ियों में छोड़कर भाग खड़ा हुआ। बुरी तरह जख्मी बच्ची ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। उसके गले और चेहरे पर गुलदार के पंजे के जख्म हो गए। सूचना मिलते ही दुगड्डा क्षेत्र में लोग एकत्र हो गए। रेंजर किशोर नौटियाल ने बताया कि गांव में वन विभाग की टीम लगा दी गई है। कैमरा ट्रेप लगाए जा रहे हैं।
घटनास्थल के पास पिंजरा लगाने की कार्रवाई चल रही है। इससे पूर्व घटनास्थल से करीब दो किमी के दायरे में गत 10 मार्च की शाम को गुलदार एक बच्चे पर हमला कर उसे घायल कर चुका है। दुगड्डा निवासी उमेश शर्मा ने बताया कि घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। लोगों में वन विभाग की लचर कार्यशैली से रोष बना हुआ है।

0 Comments