जनसंख्या नियंत्रण कानून, भू कानून और कांवड़ यात्रा पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के जनमानस के हित में जो जरूरी होगा, सरकार उस पर अमल करेगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा में उत्तराखंड मेजबान की भूमिका में है। ऐसे में अन्य राज्यों से वार्ता कर कावड़ यात्रा के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। सीएम धामी ने कहा कि यह भी ध्यान में रखना होगा कि इससे कोरोना संक्रमण न बढ़े।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल उत्तराखंड का विषय नहीं है। इसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश व आदि राज्यों से श्रद्धालु आते हैं। इसलिए इन राज्यों से हम बातचीत कर रहे हैं। यह श्रद्धा व आस्था से जुड़ा आयोजन है, इसलिए यह ध्यान में रखना होगा कि कोरोना संक्रमण न बढ़े। ऐसा ना हो की कोरोना की वजह से श्रद्धालुओं के जानमाल को खतरा हो। सरकार की पहली प्राथमिकता है कि किसी की जान न जाए।
जनसंख्या नियंत्रण कानून के विषय पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य के जनमानस के हित में जो जरूरी होगा, सरकार उस पर अमल करेगी। मुख्यमंत्री ने भू कानून के मुद्दे पर भी यही जवाब दिया। बता दें कि भू कानून के मुद्दे पर इन दिनों उत्तराखंड की सियासत गर्म है और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भू कानून में संशोधन की वकालत कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंख्या, भू कानून व अन्य कानून जो राज्य और जनमानस के हित में होगा उसे अमल में लाया जाएगा।
बिजली मुफ्त दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सबको सस्ती और अच्छी बिजली दे रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हित में आगे जो होगा, वह भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मिलने गए। उनसे प्रदेश की विभिन्न योजनाओं के बारे में बात हुई। सभी ने प्रदेश को यथासंभव मदद देने का भरोसा दिया है। इसके लिए वह प्रधानमंत्री समेत सभी का धन्यवाद करते हैं।

0 Comments