वन विभाग के मुखिया ने वन रक्षक, वन दारोगा, डिप्टी रेंजर व रेंजर के रिक्त पदों को पदोन्नति व सीधी भर्ती के माध्यम से भरने को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
वन विभाग में रिक्त पदों को भरने की तैयारी शुरू हो गई है। वन विभाग के मुखिया ने वन रक्षक, वन दारोगा, डिप्टी रेंजर व रेंजर के रिक्त पदों को पदोन्नति व सीधी भर्ती के माध्यम से भरने को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। अन्य बिंदुओं पर भी वन संरक्षकों के साथ मंथन किया गया।
राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय स्थित मंथन सभागार में गुरुवार को दो दिवसीय कंजर्वेटर्स कांफ्रेंस का समापन हुआ। इस दौरान मुख्यालय के अन्य वनाधिकारियों के साथ ही सभी वन संरक्षकों व मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल-कुमाऊं शामिल हुए। अंतिम सत्र को वन मंत्री हरक सिंह रावत ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वनाधिकारी अपना कार्य पूर्ण निष्ठा के साथ करें। अपर मुख्य सचिव (वन एवं पर्यावरण) आनंद वर्द्धन ने भी वनाधिकारियों को संबोधित किया।
इससे पहले प्रमुख मुख्य वन संरक्षक(पीसीसीएफ) राजीव भरतरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वन विभाग के तहत कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा, कार्यों की गुणवत्ता में सुधार, मानव संसाधन विकास और कार्मिक प्रबंधन, वन अनुसंधान, वनों की आग से सुरक्षा, वर्षाकाल में वृहद पौधारोपण, आजीविका से संबंधित कार्यों आदि पर मंथन हुआ। पीसीसीएफ ने पदोन्नति और सीधी भर्ती को लेकर सभी वन संरक्षकों को प्रस्ताव पर एक सप्ताह के भीतर अपने सुझाव प्रेषित कर 31 जुलाई तक शासन को प्रेषित करने को कहा है।

0 Comments