उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नरेंद्रनगर और कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय की मंजूरी देने का अनुरोध किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर दिल्ली दौरे हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नरेंद्रनगर और कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय की मंजूरी देने का अनुरोध किया। साथ ही कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा की। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दो माह के कार्यकाल में यह चौथा दिल्ली दौरा है। आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में नरेन्द्रनगर और पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में केन्द्रीय विद्यालय खोले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी देने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केन्द्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून संभाग, क्षेत्रीय कार्यालय ने प्रस्ताव संयुक्त आयुक्त (कार्मिक) केन्द्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय) नई दिल्ली को प्रेषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की क्षेत्रीय जनता के हितों को देखते हुए इन जगहों पर केवी खोले जाने की स्वीकृति देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से उधमसिंह नगर जिले के खटीमा तहसील के ग्राम महालिया में केन्द्रीय विद्यालय भवन के निर्माण में तेजी लाने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देशित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले चार सालों में स्कूली शिक्षा की क्वालिटी में सुधार के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। समग्र शिक्षा में केंद्र सरकार की ओर से पर्याप्त सहायता दी गई है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भारत सरकार क्वालिटी एजुकेशन पर विशेष तौर पर फोकस कर रही है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से 'एक्सीलरेटिंग स्टेट एजुकेशन प्रोग्राम टू इम्प्रूव रिजल्ट्स' योजना में उत्तराखंड को भी शामिल किये जाने का भी अनुरोध किया।
0 Comments