उत्तराखंड : गढ़वाल और कुमाऊं मंडल को मिलेगी इंटरनेट एक्सचेंज की सौगात, पढ़ें पूरी जानकारी

उत्तराखंड में इंटरनेट सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने बड़ी पहल की है।


उत्तराखंड में इंटरनेट सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने बड़ी पहल की है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में अब इंटरनेट तेज रफ्तार से चलेगा। राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी की पहल पर गढ़वाल और कुमाऊं में दो-दो इंटरनेट एक्सचेंज स्थापित होंगे। बलूनी ने सोमवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेेखर से भेंट की। बलूनी ने कहा कि राज्य में इनकी स्थापना से वर्क फ्राम होम कर रहे व्यक्तियों के साथ ही काल सेंटर, बीपीओ, आनलाइन शिक्षा व इंटरनेट आधारित इंडस्ट्री को लाभ मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि कोविड महामारी में बड़े शहरों में बड़ी कंपनियों में काम कर रहे उत्तराखंड के युवा घर लौट कर वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। ऐसे में मजबूत इंटरनेट कनेक्टिविटी की जरूरत बेहद महसूस हो रही है। कहा कि उत्तराखंड की विषम परिस्थितियों के बीच अच्छी इंटरनेट स्पीड मिलने से जहां रोजगार की राह आसान होगी तो दूसरी ओर औद्योगिकीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में इंटरनेट एक्सचेंज स्थापित किए जाएं। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने इसकी सहमति दे कहा कि इस दिशा में जल्द ही व्यवस्था कर दी जाएगी।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख बलूनी के अनुसार केंद्रीय राज्य मंत्री चंद्रशेखर ने उत्तराखंड में चार इंटरनेट एक्सचेंज की स्थापना पर सहमति देते हुए कहा कि इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है और शीघ्र ही उत्तराखंड यह सुविधा पाने वाला राज्य बन जाएगा। बलूनी ने इसके लिए केंद्रीय राज्य मंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहयोग से उत्तराखंड में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, पेयजल समेत अन्य क्षेत्रों में तमाम कार्य आगे बढ़े हैं। इंटरनेट एक्सचेंज से पर्वतीय क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं को बल मिलेगा।

यह है इंटरनेट एक्सचेंज

इंटरनेट एक्सचेंज के माध्यम से इंटरनेट सेवा प्रदाताओं, डाटा केंद्रों और सामग्री वितरण नेटवर्क के बीच इंटरनेट डेटा का आदान-प्रदान होता है। यह इंटरनेट स्पीड को बढ़ाने के साथ-साथ एक मजबूत इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर को स्थापित करता है।

Post a Comment

0 Comments