मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चार धाम में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 708 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद देहरादून लौटकर मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित जनता मिलन हाल में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में चार धाम पुननिर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। केदारनाथ में पहले चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चार धाम में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 708 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इसके तहत केदारनाथ में पूर्ण व निर्माणाधीन कार्यों के लिए 409 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। बदरीनाथ में पहले चरण के निर्माण कार्य के लिए 245 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं गंगोत्री व यमुनोत्री के लिए 55 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ में शंकराचार्य की समाधि का कार्य 20 अक्टूबर तक पूर्ण हो जाएगा। रासुका का अधिकार जिलाधिकारियों को देने के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार जो भी कदम उठा रही है, प्रदेश हित में उठा रही है।
दूसरे चरण के तहत निर्माण कार्य चल रहे हैं। दूसरे चरण में अभी 70 करोड़ के कार्यों की निविदा प्रक्रिया चल रही है। बदरीनाथ धाम के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। यहां भी कार्य जल्द शुरू हो जाएंगे। शंकराचार्य की समाधि का कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापित कर दी जाएगी। देवस्थानम बोर्ड को लेकर हक हकूकधारियों की नाराजगी पर उन्होंने कहा कि वह बाबा केदार के साथ ही सबका आशीर्वाद लेने केदारनाथ गए थे। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा से पर्वतीय क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों का रोजगार जुड़ा है। सरकार ने न्यायालय में इस बात को भी पुरजोर तरीके से रखा। अब यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या की बाध्यता नहीं है, ऐसे में अब इसे सफल बनाने के पूरे प्रयास किए जाएंगे।
कल ऋषिकेश आएंगे प्रधानमंत्री मोदी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात अक्टूबर को ऋषिकेश एम्स आएंगे। यहां वह आक्सीजन प्लांट का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री के केदारनाथ दौरे के संबंध में उन्होंने कहा कि फिलहाल यह दौरा ऋषिकेश तक ही सीमित है।
0 Comments