सावधान : उत्तराखंड में इस जगह बेकाबू हो रहा डेंगू, 55 नए मरीजों में हुई पुष्टि, एक की मौत

उत्तराखंड के रुड़की और लंढौरा क्षेत्र में डेंगू बेकाबू होता जा रहा है। शनिवार को 55 मरीजों की पुष्टि के बाद जिले में यह आंकड़ा बढ़कर 167 पर जा पहुंचा है। वहीं गाधारोणा में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई है।


उत्तराखंड के रुड़की और लंढौरा क्षेत्र में डेंगू बेकाबू होता जा रहा है। शनिवार को 55 मरीजों की पुष्टि के बाद जिले में यह आंकड़ा बढ़कर 167 पर जा पहुंचा है। वहीं गाधारोणा में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जानकारी ली है, जिसके अनुसार मृतक को बुखार की शिकायत नहीं थी, पेट संबंधी दिक्कत चल रही थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। वहीं दूसरी ओर, मंगलौर के हरजौली गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर 38 लोगों के सैंपल लिए। हालांकि इस गांव में मलेरिया के 22 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ऐसे में माना जा रहा है कि इन लोगों को डेंगू की शिकायत हो सकती है। 

हर घर में डेंगू पीड़ित

गाधारोणा गांव में डेंगू ने पूरी तरह पैर पसार लिए हैं। हर घर में डेंगू पीड़ित व्यक्ति मौजूद है। शनिवार को आई रिपोर्ट में 33 में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं आधा दर्जन से अधिक गंभीर मरीजों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीम डेरा जमाए हुए है। आशा व स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने के बाद दवाई भी दे रहे हैं। सीएचसी लंढौरा प्रभारी डॉ. अमित डाबरा शनिवार को गांव पहुंचे और डेंगू पीड़ित मरीजों से उनका हाल जाना। उन्होंने घर में साफ सफाई रखने का आह्वान किया।

डेंगू के खिलाफ तेजी से चलाएं अभियान : मुख्यमंत्री धामी 

हरिद्वार जिले में बढ़ते डेंगू के मामलों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने विकास भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा बैठक की। उन्होंने डेंगू की रोकथाम के लिए अधिकारियों को व्यापक स्तर पर डेंगू विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उधर, डेंगू के कुल मामले अब तक 167 पहुंच गए हैं। शनिवार को भी 45 नए मामले सामने आए। ये सभी मामले रुड़की क्षेत्र के हैं।

मौसम के करवट बदलने के बाद भी डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम ठंडा होने के बाद भी डेंगू के केस हर दिन बढ़ते जा रहे हैं। जबकि माना जाता है कि मौसम ठंडा होने के बाद डेंगू का असर कम हो जाता है। 19 और 20 अक्तूबर को हुई बारिश के बाद हुए जलभराव से डेंगू के मामले बढ़े हैं। जिससे शनिवार को भी रुड़की क्षेत्र के गाधारोणा में 33 और मुंडलाना में 12 मामले सामने आए। हालांकि, धर्मनगरी हरिद्वार में डेंगू के नए केस सामने नहीं आ रहे हैं। अभी तक महज सात केस यहां मिले हैं।

इनमें ऋषिकुल कॉलोनी में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। डेेंगू के बढ़ते हुए मामलों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत में डेंगू के खात्मे के लिए विशेष अभियान शुरू किए जाएं। लोगों को जागरूक करने के साथ ही डेंगू का लार्वा नष्ट कराने के लिए कीटनाशकों का छिड़काव और जमा पानी को नष्ट कराया जाए। कहा कि डेंगू को कंट्रोल कर लोगों को बचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

Post a Comment

0 Comments