ऋषिकेश में आज मंगलवार से उद्यान विभाग की ओर से मुनीकीरेती में तीन दिवसीय 'अंतरराष्ट्रीय मसाला एवं सब्जी महोत्सव' शुरू हो रहा है। जिसमें 10 देशों के विशेषज्ञ ऑनलाइन जुड़ेंगे जो किसानों का मार्गदर्शन करेंगे।
ऋषिकेश में आज मंगलवार से उद्यान विभाग की ओर से मुनीकीरेती में तीन दिवसीय 'अंतरराष्ट्रीय मसाला एवं सब्जी महोत्सव' शुरू हो रहा है। जिसमें 10 देशों के विशेषज्ञ ऑनलाइन जुड़ेंगे जो किसानों का मार्गदर्शन करेंगे।महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के विशेषज्ञ और नामी कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। महोत्सव का उद्घाटन कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल करेंगे, जबकि समापन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे।
सचिवालय के मीडिया सेंटर में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में उद्यान निदेशक डा एचएस बावेजा ने अंतरराष्ट्रीय मसाला एवं सब्जी महोत्सव की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्य के प्रगतिशील मसाला व सब्जी उत्पादकों, किसानों, विभिन्न शोध संस्थाओं और विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक मसाला व सब्जी की विभिन्न प्रजातियों के उत्पादन, प्रसंस्करण व पैकेजिंग की नवीनतम तकनीकी के संबंध में जानकारी देंगे। इस दौरान मसाला व सब्जी की विभिन्न प्रजातियों के साथ ही प्रसंस्कृत उत्पादों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके लिए 40 स्टाल महोत्सव में लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अमेरिका, रूस, जर्मनी, आस्ट्रिया, इजराइल, ब्राजील, दुबई, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, जापान के मसाला व सब्जी उत्पादन से जुड़े विशेषज्ञ, वैज्ञानिक आनलाइन महोत्सव से जुड़ेंगे। महोत्सव में मसाला उत्पादन से जुड़ी नामी कंपनियोंं के साथ ही दिल्ली की आजादपुर मंडी समेत अन्य मंडियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड को मसाला एवं सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाने के साथ ही किसानों की आय दोगुना करना है। इस पहल से राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
0 Comments