प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को 11 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया तो सात परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश में आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के रूप में 10,582 करोड़ के आर्थिक गलियारे की सौगात उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश समेत अन्य नजदीकी राज्यों के लिए भी उपयोगी रहने वाली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच साल पहले चार धाम रोड नेटवर्क को बेहतर बनाने के अपने संकल्प को अगले पांच सालों के लिए उम्मीदों के नए एक्सप्रेसवे से जोड़ दिया है। विकास की राजनीति के एक्सप्रेसवे को मूर्त रूप दे रहे मोदी ने राष्ट्रीय स्तर पर भी विपक्ष के सामने नई चुनौती पेश कर दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को 11 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया तो सात परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश में आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। दिल्ली से देहरादून तक 175 किमी और हरिद्वार तक 51 किमी के इस एक्सप्रेसवे पर क्रमश: 8500 करोड़ रुपये और 2082 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इससे राष्ट्रीय राजधानी से देहरादून व हरिद्वार की दूरी घटने के साथ ही आवाजाही सुगम होगी। दिल्ली से देहरादून तक यात्रा का समय आठ घंटे से घटकर सिर्फ 2.50 घंटे रह जाएगा।
एशिया का सबसे बड़ा वन्यजीव एलिवेटेड कारीडोर
एक्सप्रेसवे में वन्यजीवों के आवागमन और जीवन सुरक्षा की राह में बाधा दूर करते हुए 12 किमी का वन्यजीव एलिवेटेड कारीडोर बनाया जाएगा। यह वन्यजीवों के लिए एशिया का सबसे बड़ा कारीडोर होगा। इसमें 500 मीटर के अंतराल पर 750 से अधिक वर्षा जल संचयन व वाटर रिचार्ज प्वाइंट होंगे। हरिद्वार तक कनेक्टिविटी आसान होने से पर्यटन और रोजगार में वृद्धि होगी। हरिद्वार तक 51 किमी के दौरान छह इंटरचेंज, चार फलाईओवर, छह प्रमुख पुल, 10 माइनर और दो आरओबी भी बनाए जाएंगे।
बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री में सुविधाओं का विकास
प्रधानमंत्री ने 220 करोड़ लागत से श्री बदरीनाथ में विकास कार्यों, 54 करोड़ की लागत से श्री गंगोत्री-यमुनोत्री में बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। नजीबाबाद से कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग में 15 किमी तक सड़क चौड़ीकरण किया जाएगा। इससे कोटद्वार व नजीबाबाद के बीच कनेक्टिविटी आसान होगी। लक्ष्मणझूला सेतु के समीप गंगा नदी पर 132 मीटर स्पान का पुल बनेगा। इसके निर्माण पर 69 करोड़ रुपये खर्च होंगे। साथ ही योगनगरी ऋषिकेश की ओर 35 मीटर स्पान का अतिरिक्त सेतु भी बनाया जाएगा। देहरादून शहर में जलापूर्ति, सड़क एवं जल निकासी प्रणाली के विकास को 724 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास किया गया। 58 करोड़ की लागत से देहरादून में चाइल्ड फ्रेंडली सिटी परियोजना की शुरुआत जल्द होगी।
0 Comments