ऋषिकेश चीला बैराज मार्ग पर उत्तराखंड परिवहन विभाग की यात्रियों से भरी एक बस कार को बचाने के चक्कर में पलट गई। हादसे में 24 लोग मामूली रूप से घायल हो गए हैं जिनका इलाज चल रहा है।


उत्तराखंड : ऋषिकेश चीला बैराज मार्ग पर सवारियों से भरी बस के पलटने से 24 यात्री घायल हो गए। उत्तराखंड परिवहन निगम की बस टनकपुर से ऋषिकेश आ रही थी। हादसा चीला बैराज मार्ग पर भीमगोड़ा तिराहा के समीप हुआ। चीला चौकी प्रभारी श्रद्धानंद सेमवाल ने बताया कि बस में 34 लोग सवार थे जिसमें 24 लोग मामूली रूप से घायल हो गए जिन्हें हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जानकारी के मुताबिक, कांवड़ के चलते ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को चीला मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। गुरुवार सुबह यात्रियों को लेकर उत्तराखंड रोडवेज की एक बस संख्या UK 07 PA 3083 चंडी घाट पुल से होती हुई चीला मार्ग से निकली थी। तभी बैराज मार्ग समीप काली मंदिर से थोड़ा आगे मोड़ पर सामने से आती एक कार को बचाने के चक्कर में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया। जिससे बस नाले में पलट गई और चीख-पुकार मच गई।