Kanwar Yatra 2022 : दिल्ली के रास्ते हरिद्वार आने वाले ध्‍यान रखें, शनिवार रात से रूट में होगा बदलाव

कांवड़ मेला यात्रा में कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या और उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन के आग्रह पर शनिवार रात से हरिद्वार-दिल्ली हाईवे के बाएं हिस्से को सामान्य यातायात के लिए बंद कर दिया जाएगा।


हरिद्वार :  कांवड़ मेला यात्रा में कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या और उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन के आग्रह पर शनिवार रात से हरिद्वार-दिल्ली हाईवे के बाएं हिस्से को सामान्य यातायात के लिए बंद कर दिया जाएगा। हाईवे के दाहिने हिस्से से आना और जाना जारी रखा जाएगा।

गागलहेड़ी भगवानपुर होते हुए हरिद्वार आने की होगी अनुमति

दिल्ली के रास्ते हरिद्वार आने वाले सभी तरह के वाहनों को रामपुर तिराहा मुजफ्फरनगर से गागलहेड़ी भगवानपुर होते हुए हरिद्वार आने की अनुमति होगी। हाईवे के दाहिने हिस्से पर केवल स्थानीय यातायात और देहरादून से आने वाले यातायात के ही संचालन की अनुमति होगी।

मुजफ्फरनगर प्रशासन की मांग पर किया गया बदलाव

यह जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाक्टर योगेंद्र सिंह रावत ने सीसीआर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्‍होंने कहा कि पहले यह व्यवस्था 20 जुलाई से की जानी थी, लेकिन कांवड़ यात्रियों की बढ़ती भीड़ और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर प्रशासन की मांग पर इसमें बदलाव किया गया।

ऋषिकेश: कांवड़ यात्रियों के लिए परमार्थ निकेतन की चिकित्सा सेवा शुरू

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती के मार्गदर्शन में बाघखाला राजाजी नेशनल पार्क में कांवड़ यात्रियों के लिए चिकित्सा शिविर शुरू किया गया। परमार्थ निकेतन चिकित्सा शिविर का उद्घाटन करते हुए उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि अपने लिए तो सभी जीते हैं परन्तु जो दूसरों के जीवन को आसान बनाने के लिए जीते हैं वही सच्चा जीवन है। उन्होंने कहा कि स्वामी चिदानंद सरस्वती के मार्गदर्शन में सेवा के अनेक प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं।

प्लास्टिक मुक्त भारत के लिए कठपुतली शो के माध्यम से जो जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है वह अद्भुत है। श्रावण के माह में इस क्षेत्र में लाखों श्रद्धालु आते हैं और पैदल यात्रा करते हैं उन्हें चिकित्सा सुविधाओं की अधिक जरूरत होती हैं, ऐसे में निश्शुल्क दवाईयों और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि इस बार हरियाली से युक्त हो कांवड़ यात्रा क्योंकि हरियाली है तो मंगल है। जीवन में शिवत्व हो इसी में सभी का कल्याण है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री ने बाघखाला राजाजी नेशनल पार्क में रुद्राक्ष के पौधों का रोपण किया। शिविर के दौरान गंगा नंदिनी त्रिपाठी उपाध्यक्ष एनएमओ उत्तराखंड अरुण सारस्वत, डा. सौरभ सिंह, डा. अमित अग्रवाल, डा. योगेश्वरी कृष्णन आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments