प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन कराने के लिए सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। बीते सोमवार को कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट लिए बिना लैंसडौन और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे करीब 100 से अधिक पर्यटकों को वापस लौटा दिया।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है। प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन कराने के लिए सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। बीते सोमवार को कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट लिए बिना लैंसडौन और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे करीब 100 से अधिक पर्यटकों को वापस लौटा दिया।
कोतवाली पुलिस ने सोमवार को लैंसडाउन सहित आसपास के क्षेत्र डेरियाखाल, जयरीखाल, पालकोट और फतेहपुर तक के होटलों में चेकिंग अभियान चलाया, जिसके तहत होटलों और रिसॉर्ट के आसपास बिना मास्क पहने और झुंड बनाकर घूम रहे 279 पर्यटकों का चालान किया गया। इसके अलावा कोरोना की नेगेटिव जांच रिपोर्ट लिए बिना लैंसडौन में प्रवेश कर रहे करीब 100 पर्यटकों को वापस लौटा दिया गया। कोतवाल संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि पर्यटकों को लौटाना उन्हें भी अच्छा नहीं लगा, लेकिन कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के कारण मिली गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराना उनकी जिम्मेदारी है। कोतवाल ने बताया कि 145 पर्यटकों का बिना मास्क में चालान काटते हुए उनसे 72 हजार 500 रुपये की राशि, 87 पर्यटकों का शारीरिक दूरी उल्लंघन के तहत चालान काटते हुए उनसे 8700 रुपये की राशि और 47 पर्यटकों का पुलिस एक्ट में चालान कर 13 हजार 450 रुपये की राशि वसूली गई।
नदी में नहा रहे 36 लोगों का चालान....
कोटद्वार के निकटवर्ती क्षेत्रों में पुलिस ने कोरोना के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे और नदी में नहा रहे 36 लोगों का चालान किया है। सोमवार को बड़ी संख्या में नदी में नहाने के लिए उतरी लोगों की भीड़ की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी प्रभारी एसआई इंद्रजीत सिंह राणा ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर खो नदी में नहा रहे लोगों को नदी से बाहर खदेड़ा। ऐता गांव के पास खो नदी के पुल से दुर्गा देवी तक नदी में कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ा रहे लोगों का पुलिस ने चालान किया। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा ने बताया कि नदियों में मौज मस्ती करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

0 Comments