पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विकासखंड द्वारीखाल से एक बड़ी दुःखद ख़बर सामने आई है। द्वारीखाल में गुलदार ने एक युवक को अपना शिकार बना लिया।
उत्तराखंड : पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विकासखंड द्वारीखाल से एक बड़ी दुःखद ख़बर सामने आई है। द्वारीखाल में गुलदार ने एक युवक को अपना शिकार बना लिया। घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है, जहां अपनी बकरी चराने के लिए गए बागी गांव के युवक पर गुलदार ने हमला बोल दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, गुलदार के हमले में युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान पृथ्वी चंद पुत्र यशवंत सिंह उम्र 28 साल के रूप में हुई है। घटना बीते गुरुवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। जब पृथ्वी बकरी चराने के लिए नयाद नदी पुल पार कर मतोली पास गया था। जहां गुलदार ने उस पर हमला बोल दिया। युवक का शव बरामद हाे चुका है। राजस्व विभाग ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए पौड़ी भेज दिया है।
प्रधान दीपचन्द शाह ने वन विभाग से जल्द से जल्द आदमखोर गुलदार को पकडऩे की मांग की है। साथ ही उन्होंने पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने किनसुर ग्रामसभा क्षेत्र व व्यासघाट क्षेत्र के आस-पास वन विभाग की टीम से गश्त लगाने की भी मांग की है।
प्रधान ने बताया कि इस घटना के बाद किनसुर ग्रामसभा क्षेत्रवासी समेत नौगांव क्षेत्रवासियों में भी भारी खौफ है। यदि जल्द आदमखोर को नहीं पकड़ा गया तो वह इस तरह की अन्य घटना को अंजाम दे सकता है। बागी व व्यासघाट के ग्रामीण इस घटना के बाद डरे-सहमे हैं। ग्रामीणों ने भी मांग की है कि आदमखोर को जल्द पकड़ा जाए।
द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह राणा ने इस दु:खद घटना पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह पीडि़त परिवार के साथ खड़े हैं। श्री राणा ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं की हमेशा आशंका बनी रहती है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि आदमखोर गुलदार को तत्काल मारने के आदेश दिए जाएं, जिससे ग्रामीणों की रक्षा हो सके। उन्होंने कहा कि पीडि़त गरीब परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।


0 Comments