पिछले दो साल से पांच अगस्त की तारीख ऐतिहासिक फैसलों की साक्षी रही है।
पिछले दो साल से पांच अगस्त की तारीख ऐतिहासिक फैसलों की साक्षी रही है। सबसे पहले 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर उसे दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांट दिया। इस फैसले ने घाटी में अलगाववाद की हवा निकाल दी। पाकिस्तान के इशारे पर निकलने वाले देश विरोधी सुर काफी हद तक बंद हो गए। आए दिन सुर्खियों में रहने वाले पत्थरबाज भी कहीं गायब हो गए।
इसके एक साल बाद यानी 5 अगस्त 2020 को अयोध्या में भव्य राम मंदिर का भूमिपूजन किया गया। सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर की नींव रखी। सूत्रों की मानें, तो वर्ष 2023 के अंत तक मंदिर के दरवाजे आम लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे।
आज 5 अगस्त के दिन ही भारतीय पुरुष हॉकी टीम टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने में कामयाब रही। भारतीय हॉकी टीम ने 41 साल बाद ओलंपिक में पदक हासिल किया।
अनुच्छेद-370 हटाने के बाद..
कश्मीर में जगह-जगह तिरंगा फहरा रहा
सबसे बड़ा बदलाव यह आया कि अब कश्मीर में जगह-जगह तिरंगा फहराया जा रहा है। सरकारी भवनों से लेकर सहरद तक लहराता तिरंगा पाकिस्तान समेत दुनिया को संदेश दे रहा है। राष्ट्रीय पर्व पर गांव-गांव तिरंगा फहरने के साथ राष्ट्रगान गाया जाने लगा। पहले यहां तिरंगा उठाने से लोग घबराते थे।
पाकिस्तान के इशारे पर काम करने वालों पर शिकंजा
बदलावों के बीच ही सरकार ने पाकिस्तान परस्त लोगों पर जबर्दस्त शिकंजा कसा। अलगाववादियों, आतंकवादियों से साठगांठ और पाकिस्तान के इशारे पर काम करने वाले सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त करना शुरू किया। इसी कड़ी में हिजबुल मुजाहिदीन सरगना सैयद सलाहुद्दीन के दो बेटों की सरकारी सेवा समाप्त कर दी गई। हिजबुल आतंकी के साथ गिरफ्तार डीएसपी दविंदर सिंह को भी बर्खास्त कर दिया गया।
आतंकियों का सफाया हो रहा
अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से लगभग हर दिन आतंकियों के लिए काल साबित हो रहा है। पिछले दो वर्षों में घाटी में 130 टॉप कमांडरों समेत 459 आतंकियों को मार गिराने में सुरक्षाबलों को सफलता प्राप्त हुई है। सुरक्षाबलों की सख्ती से 149 आतंकियों ने या तो सरेंडर किया है या वे जिंदा पकडे़ गए हैं।
अयोध्या में बन रहा राम मंदिर..
वर्षों से मंदिर-मस्जिद के विवाद में उलझे मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 9 नवंबर 2019 को श्रीराम जन्मभूमि के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बाद 5 अगस्त को प्रधानमंत्री ने मंदिर का भूमि-पूजन कर मंदिर निर्माण की नींव रखी। इसकी पहली वर्षगांठ पर मंदिर को लेकर चल रही तैयारी जमीन पर नजर आने लगी है। मंदिर के नींव की 24 लेयर तैयार हो गई हैं और 25वीं पर काम चल रहा है।
योगी आदित्यनाथ बोले- आज एक और इतिहास बन गया
इस बीच योगी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने की बधाई देते हुए कहा कि 5 अगस्त के ऐतिहासिक दिन एक और इतिहास बन गया। उन्होंने ट्वीट किया कि आज टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता है। आज की सफलता ने भारतीय हॉकी के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय को जोड़ा है। 'टीम इंडिया' की इस अविस्मरणीय उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है। हार्दिक बधाई 'टीम इंडिया'। जय हिन्द!
0 Comments