उत्तराखंड : CM धामी ने किए रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन, राज्य की खुशहाली के लिए की प्रार्थना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि में विराजमान रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन कर उत्तराखंड की खुशहाली की प्रार्थना की।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि में विराजमान रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन कर उत्तराखंड की खुशहाली की प्रार्थना की। इससे पहले वह राम बरात में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य का अवलोकन करने के साथ ही साधु-संतों का आशीर्वाद भी लिया। धामी उत्तराखंड के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने के बाद रामलला के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भगवान महादेव की भूमि है, जबकि उत्तर प्रदेश प्रभु श्रीराम की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीती पांच अक्टूबर को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ धाम में बाबा केदार के दर्शन किए थे। बीते रोज विजयादशमी पर उन्होंने रावण दहन कार्यक्रम में भाग लिया। शनिवार को वह प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री ने अयोध्या पहुंचने के बाद शाम को नया घाट से हनुमानगढ़ी राम जन्मभूमि तक राम बरात में भाग लिया और फिर हनुमानगढ़ी में विधि-विधान के साथ दर्शन किए। इसके बाद वह सीधे रामलला के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने राममला की पूजा अर्चना की और फिर उस स्थान को देखने गए, जहां रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है।

इससे पहले मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने उच्च शिक्षा लखनऊ से ग्रहण की है। छात्र जीवन में वह कई बार अयोध्या आए हैं। इस बार उत्तराखंड के मुख्यसेवक के रूप में उन्हें अयोध्या आने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुआई में देश तेजी से विकास कर रहा है। दुनिया में देश का मान-सम्मान बढ़ा है। उनके दिशा निर्देश में उत्तर प्रदेश की भांति उत्तराखंड में भी विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेल लाइन, चारधाम आल वेदर रोड, केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ सौंदर्यीकरण महायोजना समेत तमाम परियोजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा जा रहा है।

मुख्यमंत्री के साथ राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल भी मौजूद थे। सरयू आरती में शामिल हुए धामी मुख्यमंत्री धामी ने अयोध्या में देर शाम सरयू आरती में भाग लिया। मुख्यमंत्री आज रविवार को अयोध्या में धर्मशाला भूमि पूजन के दौरान यज्ञ में आहूति देने के साथ ही वहां श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह देहरादून लौटेंगे।

Post a Comment

0 Comments