टिहरी गढ़वाल के डोबरा चांठी पुल से युवक ने टिहरी झील में छलांग लगा दी। जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे पहले भी बीते 7 नवंबर को एक युवक इसी पुल से झील में कूद गया था, जिसे पुल पर कार्यरत कर्मचारियों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला था।
उत्तराखंड: टिहरी गढ़वाल के डोबरा चांठी पुल से एक युवक ने टिहरी झील में छलांग लगा दी। युवक के झील में कूदने की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोटी कॉलोनी से जल पुलिस बोट लेकर झील में पहुंची, लेकिन घटनास्थल पर झील में पानी ज्यादा होने के कारण युवक का पता नहीं चल सका। इसके अलावा अंधेरा होने की वजह से भी तलाश करने में परेशानी आ रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में एक युवक डोबरा चांठी पुल के ऊपर शांति साइड की तरफ से किसी से मोबाइल पर भी बात करता नजर आ रहा है। युवक कुछ देर पुल के किनारे बैठता है, फिर अचानक झील में छलांग लगा देता है। अभी तक झील में छलांग लगाने वाले युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने युवक की पहचान के लिए सूचना जारी की है।
पुलिस ने सूचना जारी करते हुए अपील की है कि कोई भी युवक को पहचानता हो तो वो इसकी जानकारी थाना चौकी इंचार्ज कोटी राजेंद्र सिंह रावत और लंबगांव थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत दे सकता है। जिससे युवक की शिनाख्त की जा सके और उसके परिजनों को सूचना दी जा सके। वहीं, खबर लिखे जाने तक एसडीआरएफ और जल पुलिस रात में भी युवक की तलाश में जुटी थी।

0 Comments